
करियर डेस्क: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने साइंटिस्ट और इंजीनियर (ग्रुप ‘SC’) के 93 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती का संचालन इसरो सेंट्रलाइज्ड रिक्रूटमेंट बोर्ड (ICRB) कर रहा है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 17 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती में चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति इसरो के विभिन्न केंद्रों पर की जाएगी।
93 पदों पर होगी भर्ती, जानिए किस ब्रांच में कितनी वैकेंसी
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 93 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें इलेक्ट्रॉनिक्स के 35, मैकेनिकल के 26, कंप्यूटर साइंस के 13, सिविल के 10, इलेक्ट्रिकल के 4, रेफ्रिजरेशन एवं एयर कंडीशनिंग के 2, आर्किटेक्चर के 2 और पीआरएल की ऑटोनॉमस बॉडी में सिविल का 1 पद शामिल है।
इन उम्मीदवारों को मिलेगा आवेदन का मौका
आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी के पास संबंधित इंजीनियरिंग शाखा में निर्धारित योग्यता होना अनिवार्य है। इसके साथ ही GATE 2025 या GATE 2026 का वैध स्कोरकार्ड होना जरूरी है। इसरो ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग GATE स्कोर के आधार पर की जाएगी, न कि GATE मार्क्स या रैंक के आधार पर।
ऐसे होगा चयन, इंटरव्यू की भी होगी अहम भूमिका
भर्ती प्रक्रिया में सबसे पहले GATE स्कोर के आधार पर उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। प्रत्येक पद के लिए 1:7 के अनुपात में अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।
इंटरव्यू के दौरान उम्मीदवार की तकनीकी जानकारी, विषय पर पकड़, संवाद क्षमता और शैक्षणिक प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा।
इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल और कंप्यूटर साइंस सहित संबंधित पदों के लिए अंतिम मेरिट सूची में GATE स्कोर को 50 प्रतिशत और इंटरव्यू को 50 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा।
सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को चयन के लिए कुल मिलाकर कम से कम 60 प्रतिशत एग्रीगेट अंक प्राप्त करना आवश्यक होगा। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार छूट प्रदान की जाएगी।
आवेदन करते समय इन बातों का रखें विशेष ध्यान
आवेदन पत्र में GATE स्कोर सहित सभी जानकारियां सही और प्रमाणित दर्ज करना आवश्यक है। दस्तावेज सत्यापन के दौरान किसी भी प्रकार की गलत या भ्रामक जानकारी मिलने पर आवेदन निरस्त किया जा सकता है और नियमानुसार कार्रवाई भी की जा सकती है।
ऑनलाइन ऐसे करें आवेदन
आवेदन केवल इसरो के ऑनलाइन भर्ती पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। राष्ट्रीय करियर सेवा (NCS) पोर्टल पर पंजीकृत और पात्र उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान सक्रिय ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर दर्ज करना जरूरी होगा ताकि भर्ती से जुड़े सभी अपडेट समय पर मिल सकें। आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने के बाद प्राप्त रजिस्ट्रेशन नंबर को भविष्य के लिए सुरक्षित रखना होगा।
इंटरव्यू के लिए मिलेगा यात्रा भत्ता
इसरो ने बताया है कि इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट होने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार सबसे छोटे मार्ग से आने-जाने का द्वितीय श्रेणी स्लीपर ट्रेन किराया प्रतिपूर्ति के रूप में दिया जाएगा।
Navyug Samachar