Thursday , 10 September 2026

‘आप लोगों ने ही दीदी को बाहर किया था…’ संसद परिसर में प्रियंका गांधी और कल्याण बनर्जी के बीच दिखा हल्का-फुल्का सियासी संवाद

नेशनल डेस्क: संसद के मानसून सत्र के दौरान गुरुवार को संसद परिसर में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी और तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी के बीच हल्के-फुल्के अंदाज में राजनीतिक बातचीत देखने को मिली। दोनों नेताओं की चर्चा का केंद्र पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी रहीं। यह बातचीत उस समय हुई, जब तृणमूल कांग्रेस के सांसद नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) में कथित विलय के मुद्दे को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे।

‘बंगाल में कांग्रेस के लिए कुछ नहीं बचा था’

बातचीत के दौरान कल्याण बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति काफी कमजोर हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस के लिए कुछ नहीं बचा था, इसलिए कई नेता तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए। उनका कहना था कि जो नेता कांग्रेस छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में आए, वे कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर संसद तक नहीं पहुंचे थे। उन्होंने यह भी बताया कि वह स्वयं कभी यूथ कांग्रेस के उपाध्यक्ष रह चुके हैं।

पप्पू यादव भी बातचीत में हुए शामिल

इसी दौरान निर्दलीय सांसद पप्पू यादव भी बातचीत का हिस्सा बने। उन्होंने कहा कि उस समय वे सभी कांग्रेसी ही थे। इस पर कल्याण बनर्जी ने जवाब दिया कि वह भी कांग्रेस से ही जुड़े रहे हैं। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि ममता बनर्जी को पार्टी में किनारे नहीं किया गया होता, तो आज कांग्रेस की स्थिति अलग हो सकती थी।

प्रियंका गांधी ने दिलाया पुराने रिश्तों का याद

कल्याण बनर्जी की टिप्पणी पर प्रियंका गांधी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ममता बनर्जी का काफी सम्मान करते थे और उनके प्रति स्नेह रखते थे। बातचीत के दौरान दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक मतभेदों के बावजूद हल्के-फुल्के अंदाज में संवाद जारी रहा।

प्रदर्शन के बीच नेताओं ने एक-दूसरे पर कसा तंज

विरोध-प्रदर्शन के दौरान कल्याण बनर्जी ने कथित तौर पर एनसीपीआई में शामिल हुए 20 तृणमूल नेताओं की तस्वीरें दिखाते हुए उन्हें पार्टी छोड़ने वाला बताया। इस पर मुस्कुराते हुए प्रियंका गांधी ने टिप्पणी की कि कुछ नेता पहले कांग्रेस छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में गए और बाद में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।

 

Check Also

पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनप्रीत सिंह गोनी और इंटरनेशनल गोल्ड मेडलिस्ट कुनार आप में शामिल, सीएम मान ने किया स्वागत

पंजाब डेस्क: पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनप्रीत सिंह गोनी और इंटरनेशनल गोल्ड मेडलिस्ट एथलीट कुनार बुधवार …