Thursday , 10 September 2026

Ketan Murder Case: डिलीट चैट्स, 10 घंटे पूछताछ और एक-दूसरे पर आरोप… केतन हत्याकांड में अब तक क्या-क्या सामने आया?

क्राइम डेस्क : पुणे के 25 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे कई नए खुलासे सामने आ रहे हैं। इस मामले में आरोपी सिया गोयल के भाई साहिल गोयल से करीब 10 घंटे तक पूछताछ की गई, जिसमें कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस अब रिश्तों, कॉल रिकॉर्ड, डिलीट चैट्स और घटनाक्रम की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।

जांच एजेंसियां इस मामले को हत्या की कथित साजिश, डिजिटल सबूत और आपसी संबंधों के कई पहलुओं से जोड़कर देख रही हैं।

साहिल से 10 घंटे पूछताछ, परिवार को लेकर दिया बड़ा बयान

पुलिस पूछताछ में साहिल गोयल ने कहा कि अगर सिया ने परिवार को पहले बताया होता कि वह केतन से शादी नहीं करना चाहती, तो शादी रोक दी जाती। पुलिस ने साहिल से सिया और चेतन चौधरी के रिश्ते और उससे जुड़ी कई जानकारियों की पुष्टि की।

सूत्रों के मुताबिक, साहिल को सिया और चेतन के संबंधों की पहले से जानकारी होने की बात सामने आई है। अब जांच इस दिशा में भी आगे बढ़ रही है कि यह जानकारी परिवार या अन्य लोगों से साझा क्यों नहीं की गई।

हत्या से पहले और बाद की चैट्स डिलीट करने का दावा

जांच टीम का दावा है कि सिया और चेतन ने घटना से पहले और बाद की बातचीत अपने मोबाइल से डिलीट कर दी थी। इतना ही नहीं, कथित तौर पर रिसाइकल बिन भी साफ किया गया ताकि कोई डिजिटल सबूत न बच सके।

पुलिस ने मोबाइल फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं और डिलीट चैट्स के रिकॉर्ड वापस हासिल करने की कोशिश की जा रही है। जांच अधिकारियों के मुताबिक 18 जून से पहले और लोहागढ़ की घटना के बाद का डिजिटल डेटा विशेष जांच के दायरे में है।

सिया का दावा- शादी नहीं करना चाहती थी

पूछताछ के दौरान सिया ने पुलिस को बताया कि वह केतन से शादी नहीं करना चाहती थी। उसने दावा किया कि केतन विग पहनता था और यह बात उसे पसंद नहीं थी। इसी वजह से उसने चेतन के साथ संबंध बनाए और कथित तौर पर आगे घटनाक्रम विकसित हुआ।

हालांकि केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि मेडिकल कारणों से बालों का एक छोटा हिस्सा प्रभावित था और यह बात शादी तय होने से पहले ही स्पष्ट कर दी गई थी। उनका कहना है कि अगर कोई आपत्ति थी तो शादी से मना किया जा सकता था।

अब एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे दोनों आरोपी

पुलिस रिमांड के दौरान सिया और चेतन से संयुक्त और अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। जांच में सामने आया है कि दोनों अब एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।

सिया का कहना है कि हत्या की योजना चेतन ने बनाई, जबकि चेतन ने आरोप लगाया कि पूरी साजिश सिया की थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं रिकॉर्डेड कॉल और निजी संदेशों के जरिए किसी तरह का दबाव या ब्लैकमेल तो नहीं बनाया गया।

क्रिकेट के मैदान से शुरू हुई पहचान, कॉल रिकॉर्ड ने बढ़ाए सवाल

जांच में सामने आया कि साहिल और चेतन साथ में क्रिकेट खेलते थे। इसी दौरान सिया और चेतन की पहचान हुई। बाद में एक दिवाली पार्टी में दोनों फिर मिले और संपर्क बढ़ता गया।

पुलिस के मुताबिक पिछले कुछ महीनों में दोनों के बीच 2,004 फोन कॉल हुए और करीब 238 घंटे तक बातचीत हुई।

शादी कैसे तय हुई और जांच अब कहां पहुंची?

पूछताछ में सामने आया कि जनवरी 2026 में रिश्ता चर्चा में आया और फरवरी में दोनों परिवारों की मुलाकात के बाद सगाई कर दी गई थी। परिवार से जुड़े लोगों का कहना है कि उन्हें सिया और चेतन के रिश्ते की जानकारी नहीं थी।

इधर पुलिस दोनों आरोपियों को लोहागढ़ फोर्ट भी लेकर पहुंची, जहां घटनास्थल और कथित घटनाक्रम को समझने की कोशिश की गई। अधिकारियों ने दोनों से रास्तों और मूवमेंट को लेकर जानकारी जुटाई।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक 18 जून को लोहागढ़ किले में केतन अग्रवाल को कथित तौर पर पहाड़ी से धक्का दिया गया। आरोप है कि सिया गोयल और चेतन चौधरी ने मिलकर साजिश रची थी क्योंकि सिया नवंबर में होने वाली शादी नहीं करना चाहती थी।

मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि सभी डिजिटल, तकनीकी और परिस्थितिजन्य सबूतों को जोड़कर आगे कार्रवाई की जाएगी।

 

Check Also

₹175 का दूध रिफंड लेना पड़ा महंगा! फर्जी कस्टमर केयर के जाल में फंसी महिला, खाते से उड़ गए ₹1.91 लाख

नेशनल डेस्क: गुजरात के राजकोट में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया …