
मनोरंजन डेस्क: संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘लव एंड वॉर’ को लेकर दर्शकों के बीच लंबे समय से उत्सुकता बनी हुई है। रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल स्टारर इस फिल्म की शूटिंग अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। इसी बीच फिल्म के फर्स्ट लुक और रिलीज डेट को लेकर नया अपडेट सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स स्वतंत्रता दिवस के मौके पर फिल्म का पहला आधिकारिक लुक जारी करने की तैयारी में हैं।
15 अगस्त को जारी हो सकता है फिल्म का फर्स्ट लुक
रिपोर्ट्स के अनुसार, संजय लीला भंसाली 15 अगस्त को ‘लव एंड वॉर’ का पहला बड़ा अनावरण करने की योजना बना रहे हैं। इस दौरान रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल के किरदारों का फर्स्ट लुक जारी किया जा सकता है। माना जा रहा है कि इस खास अवसर के जरिए फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता को नई ऊंचाई देने की तैयारी की गई है।
फिल्म की शूटिंग अंतिम चरण में
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग लगभग पूरी होने वाली है। एक सूत्र के हवाले से दावा किया गया है कि ‘लव एंड वॉर’ भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक है और इसी वजह से मेकर्स इसके पहले आधिकारिक अनावरण को भव्य बनाने की तैयारी कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि विक्की कौशल अपने हिस्से की शूटिंग पूरी कर चुके हैं, जबकि रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की शूटिंग अभी जारी है।
सिर्फ पोस्टर नहीं, खास प्रस्तुति की भी तैयारी
रिपोर्ट्स के अनुसार, मेकर्स केवल किरदारों के पोस्टर जारी करने तक सीमित नहीं रहना चाहते। फिल्म के पहले लुक को लेकर एक विशेष दृश्य प्रस्तुति तैयार की जा रही है। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि पहला लुक केवल पोस्टर के रूप में जारी होगा या फिर वीडियो प्रारूप में भी पेश किया जाएगा।
कब रिलीज होगी ‘लव एंड वॉर’?
ताजा प्रोडक्शन अपडेट के अनुसार, ‘लव एंड वॉर’ को 21 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी चल रही है। गणतंत्र दिवस सप्ताहांत को ध्यान में रखते हुए मेकर्स फिल्म को बड़े स्तर पर रिलीज करने की योजना बना रहे हैं। हालांकि रिलीज डेट को लेकर अंतिम आधिकारिक घोषणा का इंतजार अभी बाकी है।
Navyug Samachar