Monday , 26 October 2026

दिल्ली पुलिस में बड़ा फेरबदल! अनुराग कुमार बने नए पुलिस कमिश्नर, समय से पहले हटाए गए सतीश गोलचा

नेशनल डेस्क: राजधानी दिल्ली की कानून-व्यवस्था संभालने वाली दिल्ली पुलिस को नया पुलिस आयुक्त मिल गया है। केंद्र सरकार ने 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार को दिल्ली पुलिस का नया कमिश्नर नियुक्त किया है। वे सतीश गोलचा का स्थान लेंगे, जिन्हें निर्धारित कार्यकाल पूरा होने से पहले ही पद से हटा दिया गया है। गृह मंत्रालय ने इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिया है।

अनुराग कुमार फिलहाल इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) में स्पेशल डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे। अब उन्हें दिल्ली पुलिस की कमान सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति को राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

दिल्ली पुलिस से ही शुरू किया था करियर

1994 बैच के आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार ने अपने पुलिस करियर की शुरुआत दिल्ली पुलिस से ही की थी। उन्होंने राजधानी के कई जिलों में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) के तौर पर जिम्मेदारी निभाई। इसके बाद उन्होंने इंटेलिजेंस ब्यूरो में विभिन्न अहम पदों पर काम किया और स्पेशल डायरेक्टर के पद तक पहुंचे। अब एक बार फिर उनकी दिल्ली पुलिस में वापसी हुई है।

गृह मंत्रालय ने जारी किया नियुक्ति आदेश

गृह मंत्रालय की ओर से जारी आदेश में अनुराग कुमार को दिल्ली पुलिस का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किए जाने की पुष्टि की गई है। आदेश के अनुसार, वे सतीश गोलचा से पदभार ग्रहण करेंगे।

सतीश गोलचा को अगली पोस्टिंग तक एलजी को करना होगा रिपोर्ट

1992 बैच के आईपीएस अधिकारी सतीश गोलचा को नए पुलिस आयुक्त के कार्यभार संभालने के बाद अगली नियुक्ति तक दिल्ली के उप-राज्यपाल को रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।

सतीश गोलचा को अगस्त 2025 में एसबीके सिंह के स्थान पर दिल्ली पुलिस का कमिश्नर नियुक्त किया गया था। इससे पहले वे अरुणाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और तिहाड़ जेल के महानिदेशक (डीजी) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

रिटायरमेंट से पहले बदली जिम्मेदारी

जानकारी के अनुसार, सतीश गोलचा अप्रैल 2027 में सेवानिवृत्त होने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें दिल्ली पुलिस कमिश्नर के पद से हटा दिया गया। उनके स्थान पर अनुराग कुमार की नियुक्ति के साथ राजधानी पुलिस में बड़ा प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला है।

 

Check Also

Jailer 2 Box Office: रजनीकांत की फिल्म ने 11 दिन में कमाए ₹710 करोड़, ‘2.0’ का रिकॉर्ड तोड़ा; अब ‘छावा’ और ‘PK’ पर नजर

मनोरंजन डेस्क: सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार प्रदर्शन कर रही …