
नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल की राजनीति में उस समय नया विवाद खड़ा हो गया, जब तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। वायरल वीडियो में ममता बनर्जी कथित तौर पर अपनी ही पार्टी के एक कार्यकर्ता को बीच सड़क पर थप्पड़ मारती हुई नजर आ रही हैं। घटना के सामने आने के बाद राज्य की सियासत गरमा गई है और विपक्षी दल इसे लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं।
कालीघाट स्थित आवास के बाहर की बताई जा रही घटना
वायरल वीडियो को कोलकाता के कालीघाट इलाके में स्थित ममता बनर्जी के निजी आवास के बाहर का बताया जा रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि ममता बनर्जी अपने घर के बाहर मौजूद भीड़ को स्वयं हटाने की कोशिश कर रही हैं। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, वह रैली के दौरान घायल हुए तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अस्पताल भेजने के लिए वाहनों की व्यवस्था करवा रही थीं। इसी दौरान सुरक्षा घेरे में मौजूद पार्टी कार्यकर्ता उन्हें चारों ओर से घेरे हुए थे। इसी बीच ममता बनर्जी पीछे मुड़ीं और अपने पीछे खड़े एक कार्यकर्ता को थप्पड़ मार दिया। यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में रिकॉर्ड हो गया।
रैली के दौरान हुई थी टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प
बताया जा रहा है कि पूरे घटनाक्रम की पृष्ठभूमि बुधवार को बरुईपुर में हुई कथित दुष्कर्म और हत्या की घटना के विरोध में निकाली गई आक्रोश रैली से जुड़ी है। ममता बनर्जी के नेतृत्व में निकाली गई इस रैली के दौरान टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई। तृणमूल कांग्रेस का दावा है कि इस मार्च को कलकत्ता हाई कोर्ट से अनुमति मिली हुई थी और यह तय मार्ग बालीगंज फाड़ी से हाजरा की ओर बढ़ रहा था। पार्टी का आरोप है कि इसी दौरान भाजपा समर्थक जुलूस के बीच पहुंच गए और रास्ता रोक दिया, जिससे विवाद बढ़ गया।
झड़प में 41 लोगों के घायल होने का दावा
रास्ता रोके जाने और दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे और झड़प हिंसक रूप ले गई। तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया है कि इस घटना में उसके 41 कार्यकर्ता, समर्थक और नेता घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पार्टी ने बयान जारी कर इस घटना के लिए भाजपा पर हमला करने का आरोप लगाया है। वहीं, हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और सुरक्षा बलों को मौके पर हस्तक्षेप करना पड़ा। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
Navyug Samachar