![]()
नेशनल डेस्क: देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली में हर घर तिरंगा अभियान के तहत भव्य साइकिल यात्रा निकाली गई। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम से इंडिया गेट सर्कल तक आयोजित इस यात्रा को केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने रवाना किया। यात्रा में बड़ी संख्या में बच्चे और युवा तिरंगा लेकर साइकिल चलाते नजर आए।
5 किलोमीटर की रही तिरंगा साइकिल यात्रा
मेजर ध्यानचंद स्टेडियम से शुरू हुई साइकिल यात्रा इंडिया गेट होते हुए इंडिया गेट सर्कल तक पहुंची। करीब 5 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में बच्चों और युवाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
प्रतिभागियों ने तिरंगे वाली टी-शर्ट पहन रखी थी और हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे हुए थे। साइकिल पर सवार बच्चों और युवाओं ने देशभक्ति के नारे लगाए। पूरे कार्यक्रम के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
मनसुख मंडाविया ने गुब्बारे छोड़कर किया रवाना
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने हवा में गुब्बारे छोड़कर साइकिल तिरंगा यात्रा को रवाना किया। इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में युवाओं और बच्चों की भागीदारी खास रही। आयोजकों के मुताबिक, पिछले कई महीनों से स्वयंसेवक इस तिरंगा यात्रा को सफल बनाने की तैयारियों में जुटे हुए थे।
मंत्री बोले- साइकिल से स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों को फायदा
मनसुख मंडाविया ने साइकिल चलाने के फायदे बताते हुए कहा कि इससे स्वास्थ्य बेहतर रहता है और पर्यावरण को भी लाभ होता है। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाने से ईंधन की बचत होती है और फिटनेस भी अच्छी बनी रहती है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देशभर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। दिल्ली में भी कई स्थानों, स्कूलों और सरकारी दफ्तरों में 15 अगस्त के मद्देनजर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
हर घर तिरंगा और ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष का जश्न
यह आयोजन 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान और ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की कड़ी का हिस्सा है। देशभर में इन आयोजनों के तहत तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं।
Navyug Samachar