Monday , 14 September 2026

PM मोदी का फेसबुक वीडियो हटाने पर Meta ने मांगी माफी, कहा- तकनीकी गड़बड़ी से हुई गलती

नेशनल डेस्क: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अकाउंट से हटाए गए वीडियो को लेकर Meta ने सफाई दी है। कंपनी ने कहा है कि वीडियो गलती से हट गया था, जिसे अब दोबारा बहाल कर दिया गया है। इससे पहले कुछ समय के लिए वीडियो की पहुंच सीमित कर दी गई थी, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया था।

तकनीकी खराबी के कारण हटाया गया वीडियो

Meta की ओर से 28 जुलाई को बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फेसबुक अकाउंट से एक वीडियो अस्थायी तकनीकी समस्या के कारण हट गया था। कंपनी ने स्पष्ट किया कि यह किसी कानूनी कार्रवाई के तहत नहीं किया गया था और अब वीडियो को फिर से उपलब्ध करा दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, फेसबुक पर कुछ समय के लिए वीडियो देखने पर एक नोटिस दिखाई दे रहा था, जिसमें इसे कानूनी अनुरोध के कारण प्रतिबंधित किए जाने की बात कही गई थी। हालांकि बाद में सामने आया कि वीडियो हटने की वजह प्लेटफॉर्म की तकनीकी गड़बड़ी थी।

वीडियो पर पहले ही आ चुके थे लाखों व्यूज

यह वीडियो 23 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फेसबुक अकाउंट से जारी किया गया था। बताया गया कि यह जेन जी के लिए प्रधानमंत्री का पहला संबोधन था। वीडियो में प्रधानमंत्री ने पेपर लीक के खिलाफ सख्त कार्रवाई को लेकर आश्वासन दिया था।

फेसबुक द्वारा वीडियो की पहुंच सीमित किए जाने से पहले ही इसे लाखों लोग देख चुके थे। वीडियो हटने के बाद कई भाजपा नेताओं ने इस कदम पर सवाल उठाए थे।

कानूनी अनुरोध नहीं, प्लेटफॉर्म की गलती थी वजह

शुरुआती तौर पर वीडियो के साथ दिख रहे नोटिस को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। हालांकि सूत्रों के अनुसार, यह प्रतिबंध किसी कानूनी अनुरोध का परिणाम नहीं था। Meta ने इसे अस्थायी तकनीकी समस्या बताया और वीडियो को बहाल कर दिया।

 

Check Also

पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनप्रीत सिंह गोनी और इंटरनेशनल गोल्ड मेडलिस्ट कुनार आप में शामिल, सीएम मान ने किया स्वागत

पंजाब डेस्क: पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनप्रीत सिंह गोनी और इंटरनेशनल गोल्ड मेडलिस्ट एथलीट कुनार बुधवार …