
यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियों को और गति दे दी है। इसी क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 4 और 5 जुलाई को दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, संगठन पदाधिकारियों और एनडीए सहयोगी दलों के प्रतिनिधियों के साथ लगातार बैठकें करेंगे। इस दौरे को 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति को अंतिम रूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
दौरे के दौरान नितिन नबीन “शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन” को संबोधित करेंगे। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना है। पार्टी का मानना है कि मजबूत जमीनी संगठन ही चुनावी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
भाजपा के अनुसार, नया प्रदेश संगठन बनने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह पहला विस्तृत उत्तर प्रदेश दौरा है। इस दौरान हाल ही में जिम्मेदारी संभालने वाले नए पदाधिकारियों के साथ भी संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा होगी।
लखनऊ में होगा स्वागत, निकलेगा रोड शो
लखनऊ पहुंचने पर नितिन नबीन का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वह सीधे भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पहुंचेंगे। दौरे के दौरान राजधानी में एक रोड शो भी प्रस्तावित है, जो आलमबाग, टी. एन. चतुर्वेदी चौराहा, चारबाग, दीनदयाल स्मृतिका, महाराणा प्रताप चौराहा और बर्लिंगटन चौराहा सहित प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगा। इसे संगठन की ताकत और कार्यकर्ताओं के उत्साह के प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों के साथ होगी अलग-अलग बैठक
रिपोर्ट्स के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यकर्ताओं और संगठन पदाधिकारियों के अलावा मुख्यमंत्री तथा दोनों उपमुख्यमंत्रियों के साथ अलग-अलग बैठक करेंगे। इस दौरान केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक के साथ आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।
इसके अलावा वह एनडीए के सहयोगी दलों अपना दल (सोनेलाल), राष्ट्रीय लोक दल और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। इन बैठकों में गठबंधन के समन्वय और आगामी चुनावी तैयारियों पर मंथन होने की उम्मीद है।
वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठनात्मक रणनीति पर मंथन
दो दिवसीय प्रवास के दौरान नितिन नबीन राज्य स्तर के वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकों की अध्यक्षता करेंगे। इन बैठकों में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों, बूथ प्रबंधन, संगठन विस्तार और एनडीए के बीच बेहतर समन्वय जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
Navyug Samachar