Monday , 5 October 2026

मॉनसून ने फिर पकड़ी रफ्तार, दिल्ली-NCR से यूपी-बिहार तक भारी बारिश का अलर्ट, 20 राज्यों में आज बरसेंगे बादल

नेशनल डेस्क: देशभर में एक बार फिर मॉनसून सक्रिय हो गया है। कई राज्यों में तेज बारिश का दौर शुरू हो चुका है। भारतीय मौसम विभाग ने 22 जुलाई 2026 को 20 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही आकाशीय बिजली गिरने और वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।

दिल्ली-NCR और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के लिए मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं हिमाचल प्रदेश के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

इन 20 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, 22 जुलाई को जिन राज्यों में भारी बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है, उनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, असम और मेघालय शामिल हैं। इनके अलावा देश के कई अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना भी जताई गई है।

दिल्ली-NCR में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

दिल्ली-NCR में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के कारण मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग ने 22 जुलाई को दिल्ली में भारी बारिश और आंधी की संभावना जताई है।

राजधानी में दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान है। बारिश के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बुधवार को भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर, मथुरा, आगरा, अलीगढ़, ललितपुर, झांसी, महोबा, हमीरपुर, बांदा, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली और आजमगढ़ समेत कई जिलों में आंधी और बारिश हो सकती है।

इन इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। लखनऊ में बुधवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।

बिहार में आज और कल भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने बिहार में 22 और 23 जुलाई को भारी बारिश और तूफान की संभावना जताई है। पटना, गया, बक्सर, कैमूर, रोहतास, सिवान, वैशाली, औरंगाबाद, नवादा, बेगूसराय, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, सुपौल, सहरसा, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, खगड़िया, भागलपुर और मुंगेर समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।

बिहार में बारिश के दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पटना में बुधवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

झारखंड में 24 जुलाई तक बारिश-आंधी का दौर

झारखंड में भी मौसम विभाग ने 22 जुलाई से 24 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की संभावना जताई है। रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, सरायकेला, पलामू, दुमका, हजारीबाग, साहिबगंज, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में बारिश का असर देखने को मिल सकता है। रांची में बुधवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

 

Check Also

राहुल गांधी से मुलाकात के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य का बड़ा ऐलान, अपनी जनता पार्टी अब INDIA गठबंधन में होगी शामिल

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। …