
नेशनल डेस्क: देश के कई हिस्सों में अब मानसून पूरी तरह सक्रिय होता नजर आ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार, 29 जून को देश के बड़े हिस्से में वर्षा की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। खासतौर पर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों में हल्की से भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने कई क्षेत्रों के लिए गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट भी जारी किया है।
दिल्ली-यूपी समेत उत्तर भारत में बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान में सोमवार को हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं। इससे पिछले कई दिनों से जारी गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है।
वहीं उत्तराखंड के लिए भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
बिहार और पूर्वी भारत में भारी बारिश का अलर्ट
पूर्वी भारत में मानसून का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई इलाकों में भारी वर्षा होने की संभावना है।
इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी तेज बारिश के संकेत दिए गए हैं। कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक भारी वर्षा, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
मध्य भारत में भी बारिश के साथ तेज हवाओं का अनुमान
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में कई स्थानों पर भारी वर्षा के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
राजस्थान में जुलाई के पहले सप्ताह से बढ़ेगी बारिश
राजस्थान में भी मानसून धीरे-धीरे सक्रिय हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार जुलाई के पहले सप्ताह से राज्य में वर्षा की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज होने का अनुमान है।
दक्षिण और पश्चिम भारत में भी जारी रहेगा बारिश का दौर
गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात, तटीय कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और लक्षद्वीप के कई हिस्सों में भी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है, जबकि केरल, तटीय कर्नाटक और तेलंगाना में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
मौसम विभाग की सलाह, सतर्क रहें लोग
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले इलाकों में सावधानी बरतने और बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है।
Navyug Samachar