
ज्योतिष डेस्क: वैदिक ज्योतिष में ग्रहों की चाल और उनके बीच बनने वाले शुभ योगों को विशेष महत्व दिया जाता है। 26 सितंबर 2026 को पूर्णिमा के दिन चंद्रमा सुबह 5 बजकर 32 मिनट पर मीन राशि में प्रवेश करेंगे। इसी दौरान कर्क राशि में स्थित देवगुरु बृहस्पति के साथ उनका त्रिकोण संबंध बनेगा, जिसे नवपंचम योग कहा गया है। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, गुरु और चंद्रमा का यह संबंध कुछ राशियों के लिए धन, करियर, मान-सम्मान और सफलता के लिहाज से शुभ रह सकता है।
ज्योतिष शास्त्र में बृहस्पति को ज्ञान, भाग्य, समृद्धि और संतान का कारक माना जाता है, जबकि चंद्रमा मन, सुख और आर्थिक स्थिति से जुड़े माने जाते हैं। जब दोनों ग्रह एक-दूसरे से पांचवें और नौवें यानी त्रिकोण भाव में होते हैं, तो नवपंचम योग बनता है। मान्यता है कि इस योग के प्रभाव से सुख-समृद्धि, बौद्धिक क्षमता और अचानक धन लाभ के अवसर बन सकते हैं। आइए जानते हैं किन चार राशियों के लिए यह योग खास माना जा रहा है।
वृषभ राशि (Taurus)- आय में बढ़ोतरी के साथ पूरी हो सकती हैं इच्छाएं
कैसा रहेगा प्रभाव: चंद्रमा आपकी राशि से एकादश भाव यानी आय और लाभ के भाव में गोचर करेंगे।
मिलेंगे ये फायदे: ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार, इस दौरान आपकी मुख्य और दैनिक आय में बढ़ोतरी हो सकती है। आमदनी के नए स्रोत बनने के योग हैं। विदेश से जुड़े कारोबार या बहुराष्ट्रीय कंपनियों में काम करने वाले लोगों को आर्थिक लाभ मिल सकता है।
कर्क राशि (Cancer)- मान-सम्मान बढ़ेगा, व्यापार में मिल सकता है लाभ
कैसा रहेगा प्रभाव: बृहस्पति आपकी राशि यानी लग्न में स्थित हैं, जबकि चंद्रमा आपके भाग्य भाव यानी नवम भाव में रहकर यह योग बनाएंगे।
मिलेंगे ये फायदे: गुरु और चंद्रमा का यह त्रिकोण संबंध भाग्य से जुड़े मामलों में सकारात्मक संकेत दे सकता है। कार्यस्थल पर मान-सम्मान और पद-प्रतिष्ठा बढ़ने की संभावना है। कारोबारियों के लिए बड़े सौदे तय होने के योग बन सकते हैं, जिससे आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है।
वृश्चिक राशि (Scorpio)- अचानक धन लाभ के बन सकते हैं योग
कैसा रहेगा प्रभाव: चंद्रमा आपकी राशि से पंचम भाव में रहेंगे और बृहस्पति नवम यानी भाग्य भाव में स्थित हैं।
मिलेंगे ये फायदे: ज्योतिषीय मान्यताओं के मुताबिक, शेयर बाजार, पुराने निवेश या पैतृक संपत्ति से अप्रत्याशित आर्थिक लाभ के योग बन सकते हैं। रचनात्मक और शिक्षा से जुड़े लोगों को पहचान मिल सकती है। परिवार के साथ धार्मिक यात्रा की संभावना भी बन रही है और मन प्रसन्न रह सकता है।
मीन राशि (Pisces)- मानसिक तनाव कम होगा, करियर में मिल सकती है नई दिशा
कैसा रहेगा प्रभाव: चंद्रमा आपकी राशि यानी प्रथम भाव में गोचर करेंगे और बृहस्पति पंचम भाव से नवपंचम संबंध बनाएंगे।
मिलेंगे ये फायदे: इस योग के दौरान लंबे समय से अटके कामों में तेजी आने की संभावना है। मानसिक तनाव कम हो सकता है और निर्णय लेने की क्षमता बेहतर होने के संकेत हैं। उच्च शिक्षा या प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को अच्छी खबर मिल सकती है।
नवपंचम योग के शुभ प्रभाव के लिए करें ये उपाय
26 सितंबर को पूर्णिमा भी है। ऐसे में ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार, सुबह स्नान करने के बाद भगवान सत्यनारायण या श्रीहरि विष्णु की पूजा करें और पीले फल या मिष्ठान का भोग लगाएं।
“ऊं बृं बृहस्पतये नमः” और “ऊं सोमाय नमः” मंत्र का 108 बार जाप करने की सलाह दी गई है।
जरूरतमंद व्यक्ति को चने की दाल, हल्दी या पीले वस्त्र का दान करना भी शुभ माना गया है।
Navyug Samachar