Tuesday , 6 October 2026

NCERT की बड़ी पहल, कक्षा 6-8 के विज्ञान शिक्षकों के लिए शुरू हुआ 40 सप्ताह का ऑनलाइन डिप्लोमा; जानें फीस और पात्रता

नेशनल डेस्क: राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद यानी NCERT ने कक्षा 6 से 8 तक विज्ञान पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए 40 सप्ताह का ऑनलाइन डिप्लोमा कार्यक्रम शुरू किया है। इसका उद्देश्य शिक्षकों की विज्ञान विषय पर समझ मजबूत करने के साथ उनके शिक्षण कौशल को बेहतर बनाना है। कोर्स में विज्ञान पढ़ाने की नई पद्धतियों, अध्ययन सामग्री और प्रभावी कक्षा-कक्ष रणनीतियों की जानकारी दी जाएगी।

12 अक्टूबर से शुरू होगा पंजीकरण

इस ऑनलाइन डिप्लोमा कोर्स के लिए पंजीकरण 12 अक्टूबर से शुरू होगा और 12 नवंबर 2026 तक चलेगा। इच्छुक शिक्षक इसी अवधि के दौरान ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

कोर्स की अवधि 16 नवंबर 2026 से 31 अगस्त 2027 तक निर्धारित की गई है। इसके लिए पंजीकरण शुल्क 2,000 रुपये रखा गया है।

किसके लिए है यह कोर्स?

यह कार्यक्रम कक्षा 6 से 8 तक विज्ञान पढ़ाने वाले कार्यरत शिक्षकों के साथ उन लोगों के लिए भी है, जो विज्ञान शिक्षा से जुड़े हैं। बीएससी डिग्री रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा शिक्षा में डिप्लोमा या डिग्री रखने वाले उम्मीदवार और शिक्षा में डिप्लोमा या डिग्री कर रहे भावी शिक्षक भी पात्र हैं।

शिक्षकों को क्या फायदा होगा?

कोर्स के जरिए शिक्षकों को विद्यार्थियों की सीखने की जरूरतों के अनुसार शिक्षण रणनीति तैयार करने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही प्रभावी लेसन प्लान बनाने और कक्षा में विज्ञान पढ़ाने के बेहतर तरीकों की जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों को विषय संबंधी अध्ययन सामग्री और प्रभावी कक्षा-कक्ष रणनीतियों से भी परिचित कराया जाएगा।

40 मॉड्यूल और हर मॉड्यूल के बाद परीक्षा

इस डिप्लोमा कोर्स में कुल 40 मॉड्यूल होंगे। प्रत्येक मॉड्यूल के अंत में एक वस्तुनिष्ठ परीक्षा होगी। हर परीक्षा 15 दिनों तक उपलब्ध रहेगी, जिससे प्रतिभागी अपनी सुविधा के अनुसार उसे पूरा कर सकेंगे।

सभी 40 मॉड्यूल पूरे करने और सभी 40 परीक्षाओं में शामिल होने वाले प्रतिभागी अंतिम परीक्षा के लिए पात्र होंगे। यह समय-सीमा वाली परीक्षा होगी, जिसकी तारीख अलग से घोषित की जाएगी।

कोर्स पूरा करने पर मिलेगा ई-सर्टिफिकेट

कोर्स सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रतिभागियों को NCERT की ओर से ‘टीचिंग ऑफ साइंस एट मिडिल स्टेज’ का ई-सर्टिफिकेट दिया जाएगा।हालांकि, NCERT ने स्पष्ट किया है कि यह कोर्स शिक्षक नियुक्ति की योग्यता नहीं है। इसे शिक्षक नियुक्ति के लिए जरूरी किसी अन्य योग्यता के समकक्ष नहीं माना जाएगा। इस कोर्स के आधार पर किसी अन्य शिक्षक नियुक्ति योग्यता से छूट का दावा भी नहीं किया जा सकता।

 

Check Also

UPSC ESE 2027 के आवेदन की आज आखिरी तारीख, 480 पदों पर भर्ती; इंजीनियरिंग डिग्री वालों के पास अब आखिरी मौका

संघ लोक सेवा आयोग यानी यूपीएससी की इंजीनियरिंग सर्विसेज एग्जामिनेशन (ESE) 2027 के लिए आवेदन …