
महाराष्ट्र डेस्क: मुंबई के विले पार्ले वेस्ट में मंगलवार रात 12 मंजिला इमारत की 11वीं मंजिल पर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसे में ढाई साल के बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हुए हैं। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
11वीं मंजिल पर अचानक भड़की भीषण आग
आग 12 मंजिला इमारत की 11वीं मंजिल पर लगी थी। आग ने बिजली की वायरिंग और विद्युत उपकरणों, एसी यूनिट, घर के सामान, सोफा, बेड, फॉल्स सीलिंग और रसोई के बर्तनों को अपनी चपेट में लिया। आग करीब 4,000 वर्ग फीट के क्षेत्र में फैली थी।
मुंबई फायर ब्रिगेड को मंगलवार रात करीब 10 बजकर 2 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। रात 10 बजकर 8 मिनट पर आग को शुरुआती तौर पर लेवल-1 घोषित किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महज कुछ मिनट बाद रात 10 बजकर 16 मिनट पर इसे लेवल-2 कर दिया गया।
करीब 1 बजे आग पर पाया गया काबू
सूचना मिलने के बाद दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद रात करीब 1 बजे आग को पूरी तरह बुझा दिया गया।
हादसे में कुल आठ लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई। इनमें से दो घायलों को कूपर अस्पताल ले जाया गया, जबकि छह अन्य घायलों को नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कूपर अस्पताल पहुंचे दो घायल, इलाज के बाद छुट्टी
कूपर अस्पताल में 30 वर्षीय फायरमैन मनोज सोनावणे और 29 वर्षीय शिव द्विवेदी को इलाज के लिए ले जाया गया। दोनों का उपचार किया गया और बाद में उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
ढाई साल के अबीर और 23 वर्षीय अंकिता की मौत
नानावती अस्पताल में छह घायलों को लाया गया था। इनमें ढाई साल के अबीर और 23 वर्षीय अंकिता को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे में घायल पार्थ की उम्र 32 वर्ष, हिरेन की 64 वर्ष और यशस्वी की 33 वर्ष है। अभिषेक की उम्र की जानकारी सामने नहीं आई है। पार्थ, हिरेन, यशस्वी और अभिषेक की हालत स्थिर बताई गई है। यशस्वी और अभिषेक को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
आग लगने की वजह अभी साफ नहीं
फिलहाल आग किस वजह से लगी, इसका पता नहीं चल सका है। आग लगने के कारणों को लेकर अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। दमकल विभाग की कार्रवाई और आगे की जांच के बाद आग लगने की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
Navyug Samachar