
मनोरंजन डेस्क: ओटीटी पर इस हफ्ते दर्शकों के लिए मनोरंजन की शानदार सौगात आने वाली है। नेटफ्लिक्स और जियोहॉटस्टार पर कई नई फिल्में और सीरीज रिलीज होने जा रही हैं। इनमें सस्पेंस, साइकोलॉजिकल थ्रिलर, हॉरर और पारिवारिक ड्रामा जैसे अलग-अलग विधाओं की कहानियां शामिल हैं। राधिका आप्टे और कीर्ति सुरेश की क्राइम ड्रामा ‘अक्का’ से लेकर हॉरर फिल्म ‘ऑब्सेशन’ तक, इस सप्ताह दर्शकों को देखने के लिए कई नए विकल्प मिलेंगे।
अ कपल ऑफ लाइज (A Couple of Lies)
<escape>नेटफ्लिक्स</escape> पर आने वाली चार एपिसोड की यह स्वीडिश साइकोलॉजिकल थ्रिलर दो अमीर जोड़ों की कहानी पर आधारित है। अपनी शादी को बचाने के लिए दोनों जोड़े स्टॉकहोम और सिसिली में एक-दूसरे के घर बदलने का फैसला करते हैं। लेकिन इस बदलाव के बाद उनके सामने ऐसे राज खुलने लगते हैं, जिनकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी। घरों में छिपे कैमरे और अनजाने रहस्य धीरे-धीरे रिश्तों की सच्चाई उजागर करते हैं। इसके बाद कहानी में धोखे, साजिश और अपराध का सिलसिला शुरू हो जाता है।
मीठे में क्या है (Meethe Mein Kya Hai)
नेटफ्लिक्स की यह पारिवारिक ड्रामा फिल्म एक ऐसे परिवार की कहानी दिखाती है, जहां कई पीढ़ियां एक ही छत के नीचे रहती हैं। परिवार के सदस्यों के बीच अलग-अलग विचारों और वर्षों से दबे रहस्यों के कारण रिश्तों में दूरियां आ चुकी हैं। त्योहार के मौके पर पूरा परिवार एक साथ इकट्ठा होता है, लेकिन शादी से जुड़ी एक अचानक सामने आई खबर पुराने विवादों और अनकही बातों को फिर से उजागर कर देती है। कहानी पारिवारिक रिश्तों, आपसी मतभेदों और भावनात्मक उलझनों के इर्द-गिर्द घूमती है।
अक्का (Akka)
राधिका आप्टे और कीर्ति सुरेश की अहम भूमिकाओं वाली ‘अक्का’ इस सप्ताह की चर्चित रिलीज में शामिल है। नेटफ्लिक्स पर आने वाली यह क्राइम ड्रामा सीरीज 1980 के दशक की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसकी कहानी पेरुनुरु नाम के एक काल्पनिक शहर में बुनी गई है, जहां अपराध की दुनिया पर महिलाओं के एक ताकतवर समूह का दबदबा है।
कहानी में कीर्ति सुरेश भवानी और राधिका आप्टे रुद्रा के किरदार में नजर आएंगी। दोनों के बीच बढ़ती दुश्मनी कहानी को नया मोड़ देती है। इसी बीच एक बाहरी व्यक्ति की एंट्री होती है, जिसके बाद शहर के अपराध जगत का पूरा समीकरण बदलने लगता है।
अवराचन एंड सन्स (Avaraachan & Sons)
नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली यह मलयालम पारिवारिक कॉमेडी फिल्म अवराचन और उसके परिवार की कहानी है। फिल्म में बिजू मेनन, श्रीनाथ भासी, विनय फोर्ट और ग्रेस एंटनी अहम भूमिकाओं में हैं।
कहानी में अवराचन की लापरवाह जीवनशैली और नशे की आदतों का उसके बच्चों पर पड़ने वाला असर दिखाया गया है। उसके व्यवहार की वजह से परिवार लंबे समय से परेशानियों और तनाव का सामना कर रहा है। फिल्म में पिता और बच्चों के बिगड़ते रिश्तों, पारिवारिक मतभेदों और आपसी खटास को दिखाया गया है।
ऑब्सेशन (Obsession)
जियोहॉटस्टार पर आने वाली हॉरर फिल्म ‘ऑब्सेशन’ भी इस सप्ताह दर्शकों को डराने के लिए तैयार है। माइकल जॉनस्टन और इंडे नवारेटे अभिनीत यह फिल्म बेयर नाम के युवक की कहानी है, जो अपने बचपन के प्यार निक्की को पाने के लिए एक रहस्यमयी चीज का सहारा लेता है।
बेयर की इच्छा पूरी तो हो जाती है, लेकिन इसके बदले उसे एक भयानक कीमत चुकानी पड़ती है। निक्की का व्यवहार धीरे-धीरे हिंसक होने लगता है। इसके बाद बेयर इस रहस्यमयी श्राप को खत्म करने की कोशिश में जुट जाता है। फिल्म की कहानी प्यार, जुनून और खौफनाक घटनाओं के इर्द-गिर्द आगे बढ़ती है।
Navyug Samachar