मनोरंजन डेस्क : जुलाई का महीना ओटीटी दर्शकों के लिए मनोरंजन का खजाना लेकर आ रहा है। अगर आप घर बैठे नई फिल्में और वेब सीरीज देखने के शौकीन हैं तो आने वाले दिनों में आपके वॉचलिस्ट की लंबी कतार लगने वाली है। नेटफ्लिक्स, जियोहॉटस्टार और एप्पल टीवी प्लस जैसे बड़े प्लेटफॉर्म्स पर कई बहुप्रतीक्षित फिल्में और सीरीज रिलीज होने जा रही हैं। एक्शन, कॉमेडी, रोमांस, थ्रिलर, साइंस फिक्शन और के-ड्रामा समेत लगभग हर जॉनर के दर्शकों के लिए इस महीने खास कंटेंट मौजूद रहेगा।
2 जुलाई से होगी मनोरंजन की धमाकेदार शुरुआत
जुलाई की शुरुआत 2 जुलाई को नेटफ्लिक्स की पहली ओरिजिनल तेलुगू सीरीज ‘सुपर सुब्बू’ से होगी। सात एपिसोड की यह कॉमेडी-ड्रामा सीरीज एक आम युवक की जिंदगी में आने वाले दिलचस्प और मजेदार मोड़ों को दिखाती है। सीरीज में संदीप किशन मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, जबकि मिथिला पालकर और मुरली शर्मा भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।
राजकुमार हिरानी की नई पेशकश पर रहेगी सबकी नजर
3 जुलाई को जियोहॉटस्टार पर ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ रिलीज होगी। इस सीरीज को मशहूर फिल्मकार राजकुमार हिरानी ने क्रिएट और प्रोड्यूस किया है, जबकि निर्देशन अविनाश अरुण ने संभाला है। अमित दुबे की चर्चित किताबों से प्रेरित इस सीरीज में अर्शद वारसी और विक्रांत मैसी मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे। वहीं वीर हिरानी इसी प्रोजेक्ट के जरिए अभिनय की दुनिया में अपनी शुरुआत करने जा रहे हैं।
साइंस फिक्शन प्रशंसकों के लिए लौट रहा है ‘साइलो’
3 जुलाई को ही एप्पल टीवी प्लस पर चर्चित साइंस फिक्शन सीरीज ‘साइलो’ का तीसरा सीजन स्ट्रीम होगा। भविष्य की दुनिया पर आधारित यह कहानी उन लोगों के जीवन को दर्शाती है जो जहरीले वातावरण के कारण जमीन के नीचे बने विशाल साइलो में रहने को मजबूर हैं। पहले दो सीजन को मिली शानदार सफलता के बाद दर्शकों को इसके तीसरे सीजन का बेसब्री से इंतजार था।
29 साल बाद एक साथ दिखेंगे सनी देओल और अक्षय खन्ना
10 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर फिल्म ‘इक्का’ रिलीज होगी। इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि करीब 29 वर्षों बाद सनी देओल और अक्षय खन्ना एक साथ पर्दे पर नजर आएंगे। फिल्म में दीया मिर्जा, तिलोत्तमा शोम, संजीदा शेख और आकांक्षा रंजन कपूर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगी।
रोमांस और के-ड्रामा प्रेमियों के लिए 17 जुलाई रहेगा खास
17 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय रोमांटिक सीरीज ‘हार्टस्टॉपर फॉरएवर’ का तीसरा सीजन रिलीज किया जाएगा। यह सीरीज अपने अंतिम सीजन के साथ दर्शकों को अलविदा कहेगी। इसी दिन के-ड्रामा दर्शकों के लिए ‘द ईस्ट पैलेस’ भी स्ट्रीम होगी। रहस्य और फैंटेसी से भरपूर इस कहानी में नाम जू ह्युक ऐसे किरदार में नजर आएंगे जो जीवित और मृत दुनिया के बीच यात्रा कर सकता है।
महीने के आखिर में आएगी बहुप्रतीक्षित हॉलीवुड फिल्म
29 जुलाई को जियोहॉटस्टार पर हॉलीवुड की चर्चित फिल्म ‘द डेविल वीयर्स प्राडा 2’ रिलीज होगी। फैशन इंडस्ट्री और कॉर्पोरेट दुनिया की पृष्ठभूमि पर आधारित इस बहुप्रतीक्षित सीक्वल का दर्शकों को लंबे समय से इंतजार था। सिनेमाघरों में रिलीज के बाद अब यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध होगी।
Navyug Samachar