Thursday , 10 September 2026

मानसून में जन्नत बन जाता है पातालपानी-कालाकुंड रूट, अगस्त से फिर पटरी पर लौटेगी हेरिटेज ट्रेन, सिर्फ 20 रुपये में उठाएं सफर का लुत्फ

मध्य प्रदेश डेस्क: मानसून के मौसम में हरियाली, झरनों और पहाड़ियों के बीच यादगार रेल यात्रा का अनुभव लेने वालों के लिए अच्छी खबर है। मध्य प्रदेश की एकमात्र पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन अगस्त से एक बार फिर शुरू होने जा रही है। पश्चिम रेलवे इस ऐतिहासिक रेलमार्ग को और आकर्षक बनाने की तैयारी में जुटा है। बारिश के मौसम में यह रूट प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों की पहली पसंद माना जाता है।

मालवा की वादियों के बीच यादगार सफर

इंदौर से करीब 25 किलोमीटर दूर महू तक सड़क मार्ग से 40 से 45 मिनट में पहुंचा जा सकता है। इसके बाद महू से पातालपानी और कालाकुंड के बीच करीब नौ किलोमीटर लंबा हेरिटेज रेलमार्ग शुरू होता है। इस मार्ग पर सफर के दौरान यात्रियों को हरियाली से ढकी पहाड़ियां, गहरी घाटियां, घने जंगल और मानसून में पूरी रफ्तार से बहते झरनों का मनमोहक नजारा देखने को मिलता है। पातालपानी जलप्रपात इस यात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण है।

148 साल पुरानी विरासत पर दौड़ती है ट्रेन

साल 1878 में शुरू हुआ यह ऐतिहासिक रेलमार्ग करीब 148 साल पुरानी विरासत को संजोए हुए है। मानसून के दौरान घाटियों में उतरते बादल और चारों ओर फैली हरियाली इस सफर को और भी खास बना देती है। यही वजह है कि हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक इस हेरिटेज ट्रेन का अनुभव लेने पहुंचते हैं।

अगस्त से फिर शुरू होगी सेवा

आमतौर पर इस हेरिटेज ट्रेन का संचालन जुलाई से जनवरी के बीच किया जाता है। हालांकि इस बार रेलमार्ग पर उन्नयन कार्य चलने के कारण संचालन में देरी हुई है। अब रेलवे अगस्त से ट्रेन सेवा दोबारा शुरू करने की तैयारी कर रहा है। साथ ही इंदौर से पातालपानी तक सीधी मेमू और डेमू सेवा शुरू करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।

हेरिटेज कॉरिडोर के रूप में होगा विकास

पश्चिम रेलवे ने इस पूरे रेलखंड के संरक्षण और विकास के लिए विशेष बजट स्वीकृत किया है। अगले दो वर्षों में इसे हेरिटेज कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा। योजना के तहत मानसून सीजन में ट्रेन को प्रतिदिन चलाने, एक दिन में दो से तीन फेरे संचालित करने और यात्रियों के लिए खुले विस्टाडोम कोच शुरू करने का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है।

रुकने और खाने-पीने की भी होगी बेहतर व्यवस्था

फिलहाल अधिकांश पर्यटक इंदौर और महू में ठहरते हैं, जहां सभी श्रेणी के होटल और रेस्टोरेंट उपलब्ध हैं। रेलवे कालाकुंड क्षेत्र में रेल रेस्टोरेंट और कॉटेज विकसित करने की योजना पर भी काम कर रहा है, ताकि पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

सिर्फ 20 रुपये में कर सकेंगे सफर

पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन के नॉन-एसी कोच का किराया प्रति यात्री केवल 20 रुपये है। वहीं एसी विस्टाडोम कोच में यात्रा करने के लिए 265 रुपये का किराया निर्धारित है।

ओंकारेश्वर के सैलानी आइलैंड का भी ले सकते हैं आनंद

पातालपानी-कालाकुंड की यात्रा के बाद पर्यटक ओंकारेश्वर बांध के पास नर्मदा नदी के बीच स्थित सैलानी आइलैंड भी घूम सकते हैं। करीब पांच एकड़ में फैले इस पर्यटन स्थल पर स्पीड बोटिंग, पैडल बोटिंग, स्कर्फिंग और रिवर क्रूज जैसी गतिविधियों का आनंद लिया जा सकता है। शाम के समय नर्मदा नदी में डूबते सूरज का नजारा यहां आने वाले पर्यटकों के लिए खास आकर्षण होता है।

 

Check Also

गाड़ी में दोस्त को बंद कर शेरों के बीच उतर गया गाइड, जानवरों ने भी कराया ‘हेलो’, वीडियो देख दंग रह गए लोग

अंतर्राष्ट्रीय डेस्क: दक्षिण अफ्रीका के एक लायन सफारी पार्क का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी …