Saturday , 15 August 2026

PM मोदी ने तोड़ा नेहरू का ऐतिहासिक रिकॉर्ड, 4399 दिन पूरे होते ही भाजपा में जश्न; सीएम योगी ने दी बधाई

लखनऊ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक नया इतिहास रच दिया है। लगातार 4399 दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर बने रहकर उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें बधाई देते हुए इसे भारतीय लोकतंत्र का ऐतिहासिक क्षण बताया। वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने देशभर में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन कर इस अवसर को उत्सव के रूप में मनाने की तैयारी की है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 145 करोड़ देशवासियों की सेवा, सुरक्षा और समृद्धि के लिए समर्पित नेतृत्व ने भारतीय लोकतंत्र में एक नया अध्याय जोड़ा है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि देश की जनता के विश्वास, समर्थन और स्नेह का प्रतीक है।

सीएम योगी बोले- यह सिर्फ रिकॉर्ड नहीं, एक युग की पहचान

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि इतिहास में ऐसे अवसर कम ही आते हैं जब कोई नेता केवल सरकार का नेतृत्व नहीं करता, बल्कि पूरे दौर की सोच और दिशा का प्रतीक बन जाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को राष्ट्र निर्माण, विकास और वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा से जोड़ते हुए उनके दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

देशभर में भाजपा का विशेष अभियान, मंदिरों में होंगे धार्मिक आयोजन

प्रधानमंत्री मोदी की इस उपलब्धि को लेकर भाजपा संगठन भी सक्रिय हो गया है। पार्टी ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत प्रमुख मंदिरों में पूजा-अर्चना, आरती और विशेष अनुष्ठान किए जाएंगे, जहां प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की जाएगी।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस संबंध में राष्ट्रीय स्तर पर तैयारियों की समीक्षा की गई और सभी जनप्रतिनिधियों, सांसदों, विधायकों तथा संगठन पदाधिकारियों को कार्यक्रमों में भाग लेने के निर्देश दिए गए हैं।

लखनऊ से काशी तक पूजा-अर्चना में शामिल होंगे भाजपा नेता

कार्यक्रमों के तहत प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी लखनऊ स्थित हनुमान सेतु मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वह वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर में आयोजित विशेष धार्मिक कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। वहीं, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता भी विभिन्न धार्मिक आयोजनों में मौजूद रहेंगे।

नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ इतिहास के शीर्ष पर पहुंचे मोदी

लगातार 4399 दिन प्रधानमंत्री पद पर रहने के साथ ही नरेंद्र मोदी अब देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में दर्ज हो गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड जवाहरलाल नेहरू के नाम था, जिन्होंने 4398 दिनों तक लगातार प्रधानमंत्री पद संभाला था।

भाजपा इसे लोकतांत्रिक इतिहास की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानते हुए व्यापक स्तर पर जनसंपर्क और उत्सव कार्यक्रमों के जरिए जनता तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है।

 

Check Also

मायावती का संसद में सत्ता-विपक्ष पर बड़ा हमला, बोलीं- ‘दोनों अपने-अपने स्वार्थ की लड़ाई लड़ रहे’

यूपी डेस्क: बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने …