Monday , 5 October 2026

40 साल बाद इतिहास रचेंगे पीएम मोदी! FTA के बाद 10 जुलाई को न्यूजीलैंड दौरा, रिश्तों को मिलेगी नई रफ्तार

नेशनल डेस्क : भारत और न्यूजीलैंड के संबंधों में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। दोनों देशों के बीच हुए ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 जुलाई को न्यूजीलैंड के आधिकारिक दौरे पर जाएंगे। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा है कि पिछले चार दशकों में यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली आधिकारिक न्यूजीलैंड यात्रा होगी।

जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी 10 जुलाई को ऑकलैंड पहुंचेंगे और अगले दिन भारत लौटेंगे। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री ने इस यात्रा को दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों के लिए ऐतिहासिक करार दिया है।

एफटीए के बाद रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती

भारत और न्यूजीलैंड ने इसी वर्ष 27 अप्रैल को नई दिल्ली में ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। इस समझौते के तहत न्यूजीलैंड ने भारतीय उत्पादों को अपने बाजार में 100 प्रतिशत शुल्क मुक्त प्रवेश देने का फैसला किया है।

इससे कपड़ा, चमड़ा, फुटवियर, इंजीनियरिंग उत्पाद, रत्न एवं आभूषण जैसे भारतीय उद्योगों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

भारत ने भी कई उत्पादों पर दी राहत

समझौते के तहत भारत ने न्यूजीलैंड के लगभग 70 प्रतिशत उत्पादों पर आयात शुल्क में कटौती या उसे चरणबद्ध तरीके से समाप्त करने पर सहमति दी है। हालांकि, घरेलू किसानों और डेयरी उद्योग के हितों को ध्यान में रखते हुए डेयरी और कुछ संवेदनशील कृषि उत्पादों को इस समझौते के दायरे से बाहर रखा गया है।

निवेश, रोजगार और छात्रों को भी मिलेगा फायदा

यह समझौता केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि निवेश और रोजगार के नए अवसर भी लेकर आएगा। न्यूजीलैंड ने अगले 15 वर्षों में भारत में 20 अरब डॉलर तक निवेश को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता जताई है।

इसके साथ ही भारतीय आईटी पेशेवरों, इंजीनियरों, स्वास्थ्यकर्मियों, योग प्रशिक्षकों, आयुष विशेषज्ञों, शेफ और संगीत शिक्षकों के लिए विशेष वीजा व्यवस्था भी की गई है।

भारतीय छात्रों को भी इस समझौते से बड़ी राहत मिलेगी। अब छात्र संख्या की सीमा समाप्त कर दी गई है। पढ़ाई के दौरान काम करने की सुविधा के साथ-साथ पाठ्यक्रम पूरा होने के बाद 3 से 4 वर्ष तक कार्य वीजा का प्रावधान भी किया गया है।

मई में पांच देशों के दौरे पर गए थे प्रधानमंत्री

इस प्रस्तावित न्यूजीलैंड यात्रा से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 से 20 मई के बीच संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड, इटली, स्वीडन और नॉर्वे का दौरा किया था। उस दौरान ग्रीन ट्रांजिशन, उन्नत विनिर्माण, रणनीतिक निवेश, प्रौद्योगिकी, आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाने और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने जैसे मुद्दों पर विशेष जोर दिया गया था।

 

Check Also

OpenAI को बड़ा झटका! लंबे समय के सेफ्टी लीडर ने दिया इस्तीफा, बोले- AI को ऐसे आगे बढ़ाना खतरनाक

नेशनल डेस्क: OpenAI में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल …