
नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा के जींद दौरे के दौरान राज्य को करीब 14,700 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई गई। साथ ही कई प्रमुख चिकित्सा संस्थानों और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए अपने भाषण की शुरुआत जींद की जनता को “राम-राम” कहकर की। उन्होंने कहा कि जींद से उनका रिश्ता कई दशक पुराना है। संगठन के कार्य के दौरान पहली बार यहां आने की यादों को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि यहां के लोगों का अपनापन और स्नेह आज भी उन्हें याद है। उन्होंने कहा कि जींद के घी और घेवर भले ही नहीं बदले हों, लेकिन यहां के तेवर बदल गए हैं और आज जींद भाजपा-एनडीए के सुशासन मॉडल की पहचान बन रहा है।
हरियाणा के विकास की रफ्तार का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में हरियाणा विकास की नई पटरी पर आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि आज का कार्यक्रम डबल इंजन सरकार के विकास मिशन को नई ऊर्जा देने वाला है। उन्होंने कहा कि जींद ने आज इतिहास रच दिया है, क्योंकि यहीं से देश को पहली हाइड्रोजन ट्रेन मिली है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह भारत की पहली रेलगाड़ी मुंबई से ठाणे के बीच चली थी, उसी तरह भविष्य में जब भी हाइड्रोजन ट्रेन का जिक्र होगा, तब जींद, सोनीपत और हरियाणा का नाम भी प्रमुखता से लिया जाएगा। उन्होंने इसे भारतीय रेल के आधुनिकीकरण की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए लोगों को बधाई दी।
स्वच्छता अभियान की जमकर सराहना
प्रधानमंत्री मोदी ने जींद और हरियाणा के लोगों की स्वच्छता के प्रति जागरूकता की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि “स्वच्छता से स्वागत” अभियान को जिस गंभीरता से अपनाया गया, वह बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि उनके दौरे से पहले पूरे क्षेत्र में सफाई अभियान को नई गति मिली, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर भी लगातार होती रही।
उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर यह भी लिखा कि मोदी जी बार-बार आएं ताकि जींद हमेशा स्वच्छ बना रहे। इस पर उन्होंने कहा कि यदि यहां के लोग खुद यह संकल्प ले लें कि वे गंदगी नहीं फैलाएंगे, तो शहर को साफ रखने के लिए किसी के आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को अपनी आदत, संस्कार और जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।
हाईवे और रेलवे परियोजनाओं को मिली रफ्तार
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने कुरुक्षेत्र में सिख म्यूजियम और 24.27 किलोमीटर लंबे हांसी-बरवाला ब्राउनफील्ड हाईवे परियोजना का शिलान्यास किया। इसके अलावा कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक, दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे, अंबाला-काला अंब खंड, जींद-गोहाना हाईवे समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया।
मेडिकल संस्थानों का भी किया लोकार्पण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भिवानी स्थित पंडित नेकी राम शर्मा सरकारी मेडिकल कॉलेज, नारनौल में महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज और राव तुला राम अस्पताल सहित कई प्रमुख चिकित्सा संस्थानों का भी लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाबियां भी सौंपीं।
Navyug Samachar