
नेशनल डेस्क: देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। इसके चलते भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कई राज्यों के लिए भारी से बेहद भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक उत्तर-पश्चिम, पश्चिम, मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में तेज बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। लगातार बारिश के कारण अचानक बाढ़, भूस्खलन, जलभराव और यातायात सेवाओं के प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
26 जुलाई तक कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
आईएमडी के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं 23 जुलाई से 26 जुलाई के बीच पूर्वी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि 23 से 29 जुलाई के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के कुछ इलाकों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा 23 से 26 जुलाई के बीच पश्चिमी मध्य प्रदेश में व्यापक स्तर पर बारिश होने का अनुमान है।
रविवार तक इन राज्यों में बारिश का असर
आईएमडी के अनुसार रविवार तक अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, असम, गंगा के मैदानी क्षेत्रों वाला पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, माहे, विदर्भ, सौराष्ट्र, कच्छ, पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
गुजरात और महाराष्ट्र के लिए रेड अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने गुजरात और मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में गुरुवार और शुक्रवार के लिए अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, कोंकण, गोवा, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और नागालैंड में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा अगले दो से तीन दिनों के दौरान सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, गुजरात, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में तेज हवाओं, बिजली चमकने और आंधी-तूफान की चेतावनी भी जारी की गई है।
पूर्वोत्तर राज्यों में बढ़ा बाढ़ का खतरा
मौसम विभाग ने इस सप्ताह अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है, जिसके चलते बाढ़ संभावित जिलों को अलर्ट पर रखा गया है।
असम में लगातार हो रही बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। राहत और बचाव अभियान तेज किया गया है तथा राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीमें प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में जुटी हुई हैं।
Navyug Samachar