
राजस्थान डेस्क: राजस्थान में सफाई कर्मचारियों के पदों पर बड़ी भर्ती निकाली गई है। राज्य सरकार ने प्रदेश की 183 नगरीय निकायों में सफाई कर्मचारी के कुल 24,752 पदों पर संविदा के आधार पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का फैसला लिया है। इस भर्ती की खास बात यह है कि इसमें न तो लिखित परीक्षा होगी और न ही इंटरव्यू। अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया 15 अगस्त 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन करने की अंतिम तारीख 28 सितंबर 2026 तय की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी एसएसओ आईडी या राजस्थान स्वायत्त शासन निदेशालय की वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के दौरान लाइव फोटो अपलोड करना अनिवार्य होगा।
5 साल बाद नियमित नौकरी का मिलेगा मौका
इस भर्ती के तहत चयनित कर्मचारियों को पहले संविदा आधार पर नियुक्त किया जाएगा। अगर कर्मचारी 5 साल तक संतोषजनक सेवा देते हैं तो उन्हें नियमित करने का प्रावधान रखा गया है। अभ्यर्थी केवल एक ही नगरीय निकाय से आवेदन कर सकेंगे। यदि कोई अभ्यर्थी एक से अधिक निकायों में आवेदन करता है तो उसके सभी आवेदन रद्द कर दिए जाएंगे।
शैक्षणिक योग्यता नहीं, अनपढ़ अभ्यर्थी भी कर सकते हैं आवेदन
सफाई कर्मचारी भर्ती के लिए किसी न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता की अनिवार्यता नहीं रखी गई है। यानी ऐसे अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने औपचारिक शिक्षा प्राप्त नहीं की है।
आवेदक का राजस्थान का मूल निवासी होना जरूरी है। इसके अलावा उम्मीदवार के पास सफाई कार्य का व्यावहारिक अनुभव होना चाहिए।
आयु सीमा में मिलेगी छूट
इस भर्ती के लिए 1 जनवरी 2027 के अनुसार अभ्यर्थी की आयु 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। महिला अभ्यर्थियों और आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में 5 से 10 वर्ष तक की छूट दी जाएगी।
आरक्षित वर्ग में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अति पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थी शामिल हैं।
एक साल का सफाई कार्य अनुभव जरूरी
भर्ती में आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास राज्य के किसी भी नगरीय निकाय, केंद्र या राज्य सरकार के उपक्रम अथवा अधिकृत ठेकेदार या संस्था में कम से कम एक साल का सफाई कार्य का अनुभव होना चाहिए।
अनुभव प्रमाण पत्र सक्षम अधिकारी द्वारा सत्यापित होना जरूरी है। इसके लिए 1 अगस्त 2026 के बाद जारी किया गया प्रमाण पत्र ही मान्य होगा।
इन शहरों में सबसे ज्यादा पद खाली
राजस्थान सफाई कर्मचारी भर्ती में कई बड़े शहरों में बड़ी संख्या में पद रखे गए हैं।
जयपुर में 4,811 पद
कोटा में 1,357 पद
बीकानेर में 1,084 पद
जोधपुर में 890 पद
सीकर में 480 पद
भरतपुर में 450 पद
अलवर में 426 पद
भिवाड़ी में 350 पद
धौलपुर में 340 पद
चूरू में 320 पद
उदयपुर में 300 पद
भीलवाड़ा में 296 पद
अजमेर में 290 पद
झुंझुनूं में 287 पद
पाली में 287 पद
लॉटरी सिस्टम से होगा चयन
इस भर्ती में चयन ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। लॉटरी प्रक्रिया सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के सॉफ्टवेयर के जरिए पूरी होगी। इससे पहले सभी आवेदकों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
चयन में सबसे पहले उसी नगरीय निकाय के अनुभवी स्थानीय अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इतना देना होगा आवेदन शुल्क
सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 600 रुपये रखा गया है। वहीं आरक्षित वर्ग और दिव्यांग अभ्यर्थियों को आवेदन के लिए 400 रुपये शुल्क देना होगा।
संविदा अवधि में मिलेगा 7,410 रुपये मानदेय
यह भर्ती राजस्थान कॉन्ट्रेक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट्स रूल्स, 2022 के तहत की जा रही है। चयनित अभ्यर्थियों को संविदा अवधि के दौरान 7,410 रुपये प्रतिमाह का निश्चित मानदेय दिया जाएगा।
महिलाओं और अन्य वर्गों के लिए आरक्षण का प्रावधान
भर्ती में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण रखा गया है। इसके अलावा दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 4 प्रतिशत और उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए 2 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अति पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को नियमानुसार आरक्षण मिलेगा।
Navyug Samachar