मनोरंजन डेस्क: रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ के हालिया एपिसोड में अभिनेता राम कपूर ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा ऐसा खुलासा किया, जिसने सभी को भावुक कर दिया। ‘जजमेंट डे’ के दौरान खुद को सुरक्षित रखने के लिए उन्होंने अपना आखिरी सीक्रेट साझा किया। इस दौरान उन्होंने अपनी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं, शराब की लत और लोकप्रिय धारावाहिक ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ के समय की जिंदगी के बारे में खुलकर बात की। राम कपूर ने यह भी बताया कि उनकी जिंदगी के इस कठिन दौर की पूरी सच्चाई उनकी पत्नी गौतमी को भी नहीं पता थी।
जजमेंट डे पर सामने आया निजी जिंदगी का सबसे बड़ा राज
शो के हालिया एपिसोड में राम कपूर और आकांक्षा चौधरी ने अपने-अपने आखिरी सीक्रेट साझा किए। इस दौरान राम कपूर ने बताया कि उन्होंने अपनी जिंदगी में कई ऐसी गलतियां कीं, जिनका असर उनके स्वास्थ्य और करियर दोनों पर पड़ा। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब उनका वजन काफी बढ़ चुका था और डॉक्टरों ने उनकी सेहत को लेकर गंभीर चेतावनी दी थी।
डॉक्टर ने दी थी छह महीने की चेतावनी
राम कपूर ने बताया कि वह डायबिटीज से जूझ रहे थे और दिन में तीन बार इंसुलिन के इंजेक्शन लेते थे। इसके बावजूद उन्होंने लंबे समय तक डॉक्टरों की सलाह को गंभीरता से नहीं लिया, क्योंकि उन्हें लगता था कि दर्शक उन्हें उसी रूप में पसंद करते हैं, जैसा वे पर्दे पर दिखाई देते थे।
उन्होंने कहा कि डॉक्टर ने उन्हें बताया था कि मोटापे और बढ़ती डायबिटीज की वजह से उनकी स्थिति बेहद गंभीर हो चुकी है और यदि उन्होंने जीवनशैली नहीं बदली तो छह महीने के भीतर जान का खतरा हो सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि इस बात की जानकारी उनकी पत्नी को भी नहीं थी।
‘मेरी वजह से खत्म हुआ था बड़े अच्छे लगते हैं’
राम कपूर ने स्वीकार किया कि उस दौर में शराब की लत का उनके पेशेवर जीवन पर भी गहरा असर पड़ा। उन्होंने कहा कि वह कई बार सेट पर देर से पहुंचते थे, सहकर्मियों के साथ अच्छा व्यवहार नहीं कर पाते थे और शूटिंग के दौरान भी शराब पीने लगे थे।
राम कपूर के मुताबिक, उनकी इन आदतों से पूरी टीम परेशान रहती थी और हालात ऐसे बन गए कि ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ को समय से पहले समाप्त करना पड़ा। उन्होंने कहा कि यह उनकी जिंदगी का सबसे कठिन दौर था।
बच्चों के आने के बाद पूरी तरह बदल गई जिंदगी
राम कपूर ने बताया कि उनके बच्चों के जन्म ने उनकी सोच और जीवन दोनों बदल दिए। उन्होंने कहा कि पिता बनने के बाद उन्हें अपनी सेहत और परिवार की जिम्मेदारी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने अपनी जीवनशैली में बदलाव किया और स्वास्थ्य पर गंभीरता से ध्यान देना शुरू किया। उन्होंने कहा कि आज वह अपने परिवार के साथ खुशहाल जीवन जी रहे हैं।
आकांक्षा चौधरी ने भी साझा किया अपना आखिरी सीक्रेट
इसी एपिसोड में आकांक्षा चौधरी ने भी अपना आखिरी सीक्रेट सभी के सामने रखा। उनका खुलासा सुनने के बाद शो के होस्ट फराह खान और रितेश देशमुख ने उनकी सराहना की।
Navyug Samachar
