Wednesday , 9 September 2026

प्रयागराज ट्रिपल मर्डर में सनसनीखेज मोड़! 6 महीने से मिल रहीं थीं धमकियां, परिवार ने युवक पर लगाए गंभीर आरोप

लखनऊ डेस्क : प्रयागराज के मेजा क्षेत्र स्थित कुकुर कटवा गांव में हुए ट्रिपल मर्डर ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। मामले में अब बड़ा मोड़ सामने आया है। मृतकों के परिजनों ने प्रेम संबंध विवाद को इस जघन्य वारदात की मुख्य वजह बताते हुए गांव के ही एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

सोमवार रात हुई इस घटना का खुलासा मंगलवार सुबह तब हुआ, जब ग्रामीणों ने घर के भीतर झांककर देखा। अंदर का दृश्य देखकर लोगों के होश उड़ गए। घर में तीन लोग मृत अवस्था में पड़े मिले। सूचना मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

एक ही परिवार के तीन लोगों की गई जान

मृतकों की पहचान श्यामलाल गुप्ता, उनकी पत्नी अमरावती गुप्ता और बेटी इंद्रावती गुप्ता के रूप में हुई है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या से गांव में मातम पसर गया। घटना के बाद लोगों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।

प्रेम संबंध को लेकर बढ़ा था विवाद

परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, घटना की जड़ में एक प्रेम संबंध को लेकर चला आ रहा विवाद बताया जा रहा है। आरोप है कि गांव के 22 वर्षीय युवक हिमांशु यादव का परिवार की एक युवती से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच मुलाकातें होती थीं, लेकिन जब परिवार को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने इसका विरोध शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि इसके बाद युवती की आवाजाही पर रोक लगा दी गई और कुछ समय के लिए उसे रिश्तेदारों के यहां भी भेजा गया। हालांकि परिजनों का दावा है कि इसके बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ और युवक का घर के आसपास आना-जाना जारी रहा।

‘शादी नहीं हुई तो अंजाम भुगतोगे’ जैसी धमकियों का आरोप

पीड़ित परिवार का आरोप है कि बीते करीब छह महीनों से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं। परिवार के सदस्यों का कहना है कि कई बार पंचायतें भी बुलाई गईं और मामले को सुलझाने की कोशिश की गई, लेकिन तनाव कम नहीं हुआ।

परिजनों के अनुसार युवक ने कथित तौर पर कई बार अपशब्द कहे और परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। परिवार का आरोप है कि शादी नहीं होने की स्थिति में नुकसान पहुंचाने की बात भी कही गई थी। इसी विवाद के बीच अब तीन लोगों की हत्या ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।

पुलिस की कई टीमें जांच में जुटीं

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।

पुलिस कमिश्नर, एसीपी, डीसीपी यमुनापार सहित वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कराई। फॉरेंसिक टीम, एसओजी और सर्विलांस यूनिट भी मामले के हर पहलू की पड़ताल कर रही हैं।

संदिग्ध युवक पर कार्रवाई की तैयारी

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने 22 वर्षीय युवक को संदिग्ध माना है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही मामले में एक पुलिसकर्मी को निलंबित किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

गांव में भय और गुस्से का माहौल

ट्रिपल मर्डर की इस घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पहले से चल रहे विवाद को गंभीरता से लिया जाता और समय रहते प्रभावी कदम उठाए जाते तो शायद इतनी बड़ी घटना टाली जा सकती थी। वहीं मृतकों के परिजन आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहे हैं।

 

Check Also

कानपुर में बड़ा हादसा टला! देवी मां के कहने पर परिवार ने खाली किया मकान, 2 घंटे बाद भरभरा कर गिरा चार मंजिला हिस्सा

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बंगाली …