Tuesday , 8 September 2026

सुबह लिए सात फेरे, शाम तक टूटा रिश्ता! हिमाचल में शादी के कुछ घंटों बाद दुल्हन ने ससुराल जाने से किया इनकार

हिमाचल डेस्क: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां सुबह पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुई शादी शाम होते-होते टूट गई। गगरेट उपमंडल के अंबोटा गांव में विवाह के बाद दुल्हन ने ससुराल जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया। अंततः पुलिस की मौजूदगी में दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से वैवाहिक संबंध समाप्त करने का फैसला कर लिया।

ससुराल जाने से दुल्हन ने किया इनकार

जानकारी के अनुसार युवक और युवती का विवाह बगलामुखी मंदिर में संपन्न हुआ था। शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद जब दुल्हन की विदाई का समय आया तो उसने ससुराल जाने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई और पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा।

पुलिस की मौजूदगी में बनी सहमति

पुलिस की मौजूदगी में दोनों परिवारों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। इस दौरान वर पक्ष का कहना था कि यदि विवाह के तुरंत बाद ही दुल्हन ससुराल जाने के लिए तैयार नहीं है तो आगे वैवाहिक जीवन चलाना मुश्किल हो सकता है। लंबी चर्चा के बाद दोनों पक्षों ने बिना किसी कानूनी विवाद के आपसी सहमति से रिश्ता समाप्त करने का निर्णय लिया।

रिश्ता टूटने की वजह पर अलग-अलग चर्चाएं

घटना के पीछे की वास्तविक वजह को लेकर दोनों परिवारों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि दुल्हन को नकली आभूषण दिए जाने का मामला विवाद की वजह बना। वहीं यह भी कहा जा रहा है कि दूल्हा पक्ष को पहले से संदेह था, जिसके चलते ऐसा कदम उठाया गया। इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना

शादी के कुछ ही घंटों के भीतर रिश्ता टूटने की यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। बताया जा रहा है कि हाल के वर्षों में हिमाचल प्रदेश में कथित लुटेरी दुल्हन से जुड़े कुछ मामले सामने आने के बाद ऐसे मामलों को लेकर लोगों में सतर्कता बढ़ी है। हालांकि, इस मामले में पुलिस या संबंधित पक्षों की ओर से किसी भी आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

 

Check Also

गाड़ी में दोस्त को बंद कर शेरों के बीच उतर गया गाइड, जानवरों ने भी कराया ‘हेलो’, वीडियो देख दंग रह गए लोग

अंतर्राष्ट्रीय डेस्क: दक्षिण अफ्रीका के एक लायन सफारी पार्क का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी …