Tuesday , 18 August 2026

अमरनाथ यात्रा में फर्जी रजिस्ट्रेशन पर सख्ती! LG मनोज सिन्हा का बड़ा आदेश, ट्रैवल एजेंटों पर होगी कानूनी कार्रवाई

राष्ट्रीय डेस्क: श्री अमरनाथ यात्रा 2026 के दौरान फर्जी पंजीकरण कराने वाले ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पुलिस और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को ऐसे एजेंटों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि फर्जी पंजीकरण के जरिए श्रद्धालुओं का बिना उचित सत्यापन यात्रा पर पहुंचना सुरक्षा और यात्रा प्रबंधन, दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

नूनवां बेस कैंप पहुंचकर की व्यवस्थाओं की समीक्षा

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को नूनवां बेस कैंप का दौरा कर अमरनाथ यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक और सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक कर श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था, आवास, पंजीकरण और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

बैठक के दौरान उपराज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु संचालन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी श्रद्धालु निर्धारित तिथि वाले वैध पंजीकरण के साथ ही यात्रा पर आएं, ताकि अनावश्यक भीड़, प्रतीक्षा और अव्यवस्था से बचा जा सके। साथ ही अधिकारियों को बेहतर समन्वय बनाए रखने और श्रद्धालुओं की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

फर्जी पंजीकरण को लेकर प्रशासन हुआ सतर्क

प्रशासन के अनुसार कुछ ट्रैवल एजेंट फर्जी पंजीकरण के माध्यम से श्रद्धालुओं को यात्रा पर भेज रहे हैं। बताया गया कि यात्रा के शुरुआती दो दिनों, 3 और 4 जुलाई को लगभग 32 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि प्रशासन की ओर से इन दो दिनों में रवाना किए गए जत्थों में श्रद्धालुओं की संख्या 10 हजार से कम बताई गई थी। इसी अंतर को देखते हुए फर्जी पंजीकरण की आशंका को गंभीरता से लिया गया है।

श्रद्धालुओं से भी किया संवाद

दौरे के दौरान उपराज्यपाल ने श्रद्धालुओं से बातचीत कर उन्हें भरोसा दिलाया कि श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड और सभी संबंधित विभाग सुरक्षित, सुगम और निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालु-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाने और किसी भी यात्री को अनावश्यक असुविधा नहीं होने देने के निर्देश दिए।

एक ही परिवार के सदस्यों को लेकर भी दिए विशेष निर्देश

उपराज्यपाल ने अधिकारियों से कहा कि यदि एक ही परिवार के सदस्य यात्रा पर साथ पहुंचे हों और परिवार के किसी एक सदस्य का पंजीकरण न हो, जबकि बाकी सदस्यों के पास वैध अनुमति हो, तो निर्धारित नियमों के तहत परिवार को एक साथ यात्रा कराने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।

वरिष्ठ अधिकारियों की रही मौजूदगी

समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव एवं श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. मंदीप के. भंडारी, कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक वी.के. बर्डी, आईजी ट्रैफिक एम. सुलेमान चौधरी, नोडल अधिकारी डॉ. शाहिद इकबाल चौधरी, संभागीय आयुक्त अंशुल गर्ग, उपायुक्त अनंतनाग डॉ. बिलाल मोहिउद्दीन भट, एसएसपी अमोद नागपुरे अशोक सहित श्राइन बोर्ड, सिविल प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

Check Also

जनगणना 2027 में आधार से बैंक खातों तक मांगी जाएगी जानकारी, जानें क्या देना है और क्या नहीं

नेशनल डेस्क: जनगणना 2027 को लेकर आधार, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, मोबाइल नंबर …