Sunday , 9 August 2026

Success Story: यूपी की टैक्स ऑफिसर उपासना शर्मा बनीं बिहार की SDM, 8 साल की मेहनत ने बदली किस्मत

बिहार डेस्क: कहते हैं कि लगातार मेहनत और मजबूत इरादे के सामने मुश्किलें भी छोटी पड़ जाती हैं। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की रहने वाली उपासना शर्मा ने इसी सोच को साबित कर दिखाया है। उन्होंने दो राज्यों की सिविल सेवा परीक्षाओं में सफलता हासिल कर अपनी अलग पहचान बनाई है। 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग परीक्षा के अंतिम परिणाम में उपासना शर्मा ने 9वीं रैंक हासिल कर बिहार प्रशासनिक सेवा में एसडीएम पद पर जगह बनाई है।

यूपी में स्टेट टैक्स ऑफिसर, अब बिहार में संभालेंगी SDM की जिम्मेदारी

उपासना शर्मा की सफलता इसलिए खास मानी जा रही है क्योंकि इससे पहले वह उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास कर स्टेट टैक्स ऑफिसर के पद पर चयनित हो चुकी हैं। यूपी में सरकारी सेवा में रहते हुए भी उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी और बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया।

70वीं बीपीएससी परीक्षा में बेहतरीन रैंक हासिल करने के बाद अब उपासना शर्मा बिहार में सब-डिवीजनल मजिस्ट्रेट यानी एसडीएम के पद पर अपनी सेवाएं देंगी।

गाजियाबाद से दिल्ली तक पढ़ाई, मध्यमवर्गीय परिवार से तय किया सफर

गाजियाबाद की रहने वाली उपासना शर्मा की शुरुआती शिक्षा से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई दिल्ली में हुई। मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाली उपासना ने शुरुआत से ही प्रशासनिक सेवा में जाने का सपना देखा था।

यूपी पीसीएस में सफलता मिलने के बाद भी उन्होंने अपनी तैयारी को जारी रखा। उनका लक्ष्य सिर्फ एक परीक्षा पास करना नहीं बल्कि प्रशासनिक सेवा में बेहतर मुकाम हासिल करना था। इसी निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास ने उन्हें दो अलग-अलग राज्यों की सिविल सेवा परीक्षाओं में सफलता दिलाई।

8 साल की तैयारी में अपनाई खास रणनीति

उपासना शर्मा ने अपनी सफलता के पीछे करीब 8 साल की लगातार मेहनत और सही रणनीति को अहम बताया है। उन्होंने मुख्य परीक्षा की तैयारी के दौरान उत्तर लेखन पर विशेष ध्यान दिया।

उनके अनुसार, उत्तरों को प्रभावी बनाने के लिए मानचित्र, फ्लोचार्ट और चित्रों का इस्तेमाल काफी मददगार रहा। वहीं प्रारंभिक परीक्षा की तैयारी के लिए उन्होंने नियमित दोहराव और पिछले वर्षों के प्रश्न पत्रों के विश्लेषण को अपनी रणनीति का हिस्सा बनाया।

मानसिक संतुलन और अनुशासन को बताया सफलता की कुंजी

लंबी तैयारी के दौरान उपासना शर्मा ने पढ़ाई के साथ मानसिक स्वास्थ्य को भी जरूरी बताया। उन्होंने अभ्यर्थियों को सामाजिक दबाव से दूर रहकर सकारात्मक सोच बनाए रखने की सलाह दी।

विषयों को आपस में जोड़कर पढ़ना, नियमित अभ्यास, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण को उन्होंने अपनी सफलता का आधार बताया।

 

Check Also

RRB Group D Vacancy 2026: रेलवे ग्रुप डी की नई भर्ती प्रक्रिया शुरू, 30 हजार पदों पर जल्द आ सकता है नोटिफिकेशन

करियर डेस्क: रेलवे में ग्रुप डी भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए …