Thursday , 10 September 2026

शुभमन गिल की चोट से टीम इंडिया को झटका, अभ्यास मैच से बाहर हुए कप्तान… केएल राहुल संभालेंगे कमान

खेल डेस्क: श्रीलंका दौरे पर पहुंची भारतीय टीम को अभ्यास मैच से पहले बड़ा झटका लगा है. टीम के कप्तान शुभमन गिल चोट के कारण श्रीलंका इलेवन के खिलाफ खेले जा रहे तीन दिवसीय अभ्यास मुकाबले के पहले दिन मैदान पर नहीं उतर पाएंगे. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने गिल की चोट को लेकर अपडेट जारी किया है. उनकी गैरमौजूदगी में केएल राहुल टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं.

प्रैक्टिस के दौरान लगी गिल को चोट

भारतीय टीम के अभ्यास सत्र के दौरान गुरुवार को शुभमन गिल के दाहिने हाथ की अनामिका उंगली में चोट लग गई थी. चोट के बाद उन्हें नेट्स से बाहर आना पड़ा और मेडिकल टीम ने उनकी जांच की. हालांकि, एहतियात के तौर पर उन्हें अभ्यास मैच के पहले दिन आराम दिया गया है.

बीसीसीआई ने जानकारी देते हुए बताया कि मेडिकल टीम लगातार गिल की स्थिति पर नजर बनाए हुए है. बोर्ड ने कहा कि गिल को लगी चोट के कारण उन्हें श्रीलंका इलेवन के खिलाफ वार्म-अप मुकाबले के पहले दिन नहीं खिलाने का फैसला किया गया है.

केएल राहुल ने संभाली कप्तानी की जिम्मेदारी

शुभमन गिल की अनुपस्थिति में अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल टीम इंडिया की कप्तानी कर रहे हैं. श्रीलंका इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है. भारतीय टीम इस मुकाबले के जरिए 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले अपनी तैयारियों को परख रही है.

टेस्ट सीरीज से पहले स्पिन के खिलाफ तैयारी पर नजर

भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले यह अभ्यास मैच टीम के लिए काफी अहम माना जा रहा है. भारतीय बल्लेबाज श्रीलंका की परिस्थितियों में स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ अपनी तैयारी मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं.

मुकाबला नॉनडिस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब मैदान पर खेला जा रहा है, जहां भारतीय बल्लेबाजों को श्रीलंका की परिस्थितियों के मुताबिक खुद को ढालने का मौका मिलेगा.

भारत और श्रीलंका इलेवन की टीमें

श्रीलंका इलेवन: निशान मदुश्का, पसिंदु सोरियाबंदरा, पवन रथनायके, अहान विक्रमसिंघे, सोनल दिनुशा (कप्तान), अंजला बंडारा (विकेटकीपर), निपुण धनंजय, लाहिरू कुमारा, विश्व फर्नांडो, असंका मनोज, इसिथा विजेसुंदरा, रमेश मेंडिस, दिलुम सुदीरा, केशरा नुवांथा, रविंदु रसांथा.

भारत: शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, केएल राहुल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, ध्रुव जुरेल, मानव सुथार, सारांश जैन, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, औकिब नबी, गुरनूर बराड़.

 

Check Also

पैट कमिंस जिम्बाब्वे के खिलाफ ODI सीरीज से होंगे बाहर? कप्तान के बयान से मची हलचल, सामने आई बड़ी वजह

ऑस्ट्रेलिया: ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट और एकदिवसीय कप्तान पैट कमिंस के जिम्बाब्वे के खिलाफ सितंबर में …