Tuesday , 6 October 2026

टीम इंडिया के तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार बने DSP, CM सम्राट चौधरी ने सौंपे नियुक्ति पत्र

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार को बिहार सरकार ने बड़ा सम्मान दिया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत दोनों खिलाड़ियों को पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद के नियुक्ति पत्र सौंपे। पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में दोनों क्रिकेटरों के साथ कई अन्य खिलाड़ियों को भी सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई।

19 खिलाड़ियों को मिले नियुक्ति पत्र
पटना में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आकाश दीप और मुकेश कुमार सहित कुल 19 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस दौरान एथलीट पीयूष राज को पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) पद पर नियुक्त किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

सरकार की ओर से बताया गया कि नियुक्ति पाने वालों में पांच पैरा खिलाड़ी समेत विभिन्न खेलों से जुड़े प्रतिभावान खिलाड़ी भी शामिल हैं। समारोह के दौरान खिलाड़ियों को खेल छात्रवृत्ति चयन-पत्र और सम्मान राशि भी प्रदान की गई।

दो वर्षों में 180 खिलाड़ियों को मिली सरकारी नौकरी
बिहार सरकार के अनुसार, पिछले दो वर्षों में विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 180 खिलाड़ियों को अलग-अलग सरकारी विभागों में नियुक्ति दी जा चुकी है। सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य खिलाड़ियों को सम्मान देने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित भविष्य उपलब्ध कराना भी है।

सेतु मिश्रा को 37.50 लाख रुपये की सम्मान राशि
कार्यक्रम में एशियाई अंडर-23 प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक और एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में रजत पदक जीतने वाले सेतु मिश्रा को 37.50 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई। वहीं, इसी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले एथलीट विभास्कर कुमार को दो लाख रुपये की सम्मान राशि देकर सम्मानित किया गया।

टीम इंडिया में वापसी पर दोनों की नजर
आकाश दीप और मुकेश कुमार फिलहाल भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। दोनों की निगाहें अब राष्ट्रीय टीम में वापसी पर टिकी हैं। आकाश दीप आईपीएल 2026 के दौरान चोटिल होने के कारण पूरा सीजन नहीं खेल सके थे, जबकि मुकेश कुमार ने आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से हिस्सा लिया था। हालांकि, उनका प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा था।

 

Check Also

भारत-पाकिस्तान फाइनल आज, कब और कहां देखें लाइव? जानें मैच का समय, टीवी चैनल और स्ट्रीमिंग की पूरी डिटेल

निशिन: एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट मुकाबले का फाइनल भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार, …