Thursday , 13 August 2026

‘पति-पत्नी और वो’ की खौफनाक साजिश ने तोड़े रिकॉर्ड! क्राइम पेट्रोल के इस एपिसोड को मिले 23 करोड़ से ज्यादा व्यूज

मनोरंजन डेस्क: छोटे पर्दे के लोकप्रिय क्राइम शो ‘क्राइम पेट्रोल’ के हजारों एपिसोड प्रसारित हो चुके हैं, लेकिन एक एपिसोड ने लोकप्रियता के मामले में नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है। ‘क्राइम पेट्रोल डायल 100’ के एपिसोड 25, जिसका शीर्षक ‘दांव-पेंच’ है, को वीडियो प्लेटफॉर्म पर 231 मिलियन यानी 23 करोड़ से अधिक बार देखा जा चुका है। यह एपिसोड पुणे की एक वास्तविक घटना से प्रेरित बताया गया है।

सस्पेंस, अपराध और रिश्तों की उलझी कहानी पर आधारित इस एपिसोड ने दर्शकों का जबरदस्त ध्यान खींचा। ‘पति, पत्नी और वो’ के कथानक के साथ आगे बढ़ने वाली यह कहानी अपने रोमांचक मोड़ों के कारण शो के सबसे ज्यादा देखे जाने वाले एपिसोड्स में शामिल हो गई है।

क्रिमिनल वकील की जिंदगी पर आधारित है कहानी

‘दांव-पेंच’ में एक चर्चित आपराधिक वकील सुरेन गोखले की कहानी दिखाई गई है, जिसकी पेशेवर जिंदगी जितनी सफल होती है, निजी जिंदगी उतनी ही विवादों से घिरी रहती है। कहानी के अनुसार, वकील का अपनी सहायक के साथ विवाहेतर संबंध होता है।

कथानक में बड़ा मोड़ तब आता है, जब वकील पर जानलेवा हमला किया जाता है। हालांकि हमलावरों का निशाना चूक जाता है और गोली वहां से गुजर रही एक निर्दोष महिला को लग जाती है, जिससे उसकी मौत हो जाती है। इसके बाद पूरी कहानी हमले के पीछे की साजिश और उसके मास्टरमाइंड की तलाश पर केंद्रित हो जाती है।

जांच में खुलते हैं रिश्तों के कई राज

मामले की जांच पुलिस इंस्पेक्टर अजय ठाकुर और उनकी टीम को सौंपी जाती है। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चलता है कि असली निशाना महिला नहीं बल्कि वकील था। इसके बाद पुलिस उसकी निजी और पेशेवर जिंदगी की गहराई से पड़ताल शुरू करती है।

जांच के दौरान सामने आता है कि वकील और उसकी पत्नी वनिता के बीच संबंध बेहद तनावपूर्ण हैं और दोनों के रिश्ते तलाक की कगार पर पहुंच चुके हैं। इसी आधार पर पुलिस का पहला शक पत्नी पर जाता है।

जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ती है, कहानी में लगातार नए खुलासे होते हैं। पुलिस को पता चलता है कि वकील का केवल एक नहीं बल्कि दो सहायिकाओं के साथ संबंध था, जिसके बाद मामला और अधिक उलझ जाता है।

23 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया एपिसोड

इस एपिसोड को अब तक 231 मिलियन से अधिक व्यूज मिल चुके हैं। इसके अलावा वीडियो पर 13 हजार से ज्यादा दर्शकों ने अपनी प्रतिक्रियाएं भी दर्ज की हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए छोटे वीडियो और आकर्षक थंबनेल ने भी इस एपिसोड की लोकप्रियता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई, जिसके बाद बड़ी संख्या में दर्शकों ने पूरी कहानी देखने में रुचि दिखाई।

 

Check Also

Ayushmann Khurrana की ‘उड़ता तीर’ की रिलीज डेट हुई फाइनल, Sara Ali Khan के साथ पहली बार दिखेगा नया अंदाज, इस दिन सिनेमाघरों में आएगी फिल्म

मनोरंजन डेस्क: आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की आने वाली फिल्म ‘उड़ता तीर’ की …