Thursday , 10 September 2026

रात के अंधेरे में प्रधान के घर पहुंचा प्रेमी, चोर समझकर बाहर से बंद कर दी कुंडी, खुलासा हुआ तो थाने में तय हुई शादी

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। देर रात एक युवक ग्राम प्रधान के घर में घुस गया। कमरे में हलचल होने पर प्रधान ने उसे चोर समझते हुए बाहर से कुंडी लगा दी और शोर मचा दिया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो मामला चोरी का नहीं, बल्कि प्रेम प्रसंग का निकला। पुलिस की मौजूदगी में हुई पंचायत के बाद युवक और युवती ने शादी के लिए सहमति जता दी।

रात 11 बजे घर में घुसा युवक, मच गया हड़कंप

जानकारी के मुताबिक, घटना एक गांव की है, जहां रविवार रात करीब 11 बजे एक युवक महिला ग्राम प्रधान के घर में दाखिल हो गया। कमरे में हलचल महसूस होने पर प्रधान को लगा कि घर में चोर घुस आया है। उन्होंने तुरंत कमरे के बाहर से कुंडी लगा दी और शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

पूछताछ में सामने आया प्रेम संबंध का मामला

जब लोगों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खोला गया और युवक से पूछताछ की गई तो पूरा मामला सामने आ गया। युवक ने बताया कि उसका ग्राम प्रधान की भतीजी से प्रेम संबंध है। बताया गया कि वह रविवार रात अपनी प्रेमिका को बुखार की दवा देने के लिए घर पहुंचा था, लेकिन इसी दौरान प्रधान ने उसे चोर समझकर कमरे के बाहर से कुंडी लगा दी।

बहन के घर आने-जाने के दौरान हुई थी मुलाकात

मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को थाने ले गई। सोमवार को थाने में दोनों पक्षों की मौजूदगी में पंचायत हुई। बातचीत के बाद युवक और युवती ने शादी करने पर सहमति जताई। बताया गया कि युवक कुशीनगर का रहने वाला है और उसकी बहन की शादी उसी गांव में हुई है। बहन के घर आने-जाने के दौरान उसकी मुलाकात प्रधान की भतीजी से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया।

पुलिस ने बताई कार्रवाई की पूरी जानकारी

थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि रविवार रात प्रधान के घर में चोर घुसने की सूचना मिलने पर पीआरबी मौके पर पहुंची और एक युवक को थाने लाया गया। बाद में संबंधित पक्ष ने पुलिस को बताया कि वे इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते हैं।

 

Check Also

कानपुर में बड़ा हादसा टला! देवी मां के कहने पर परिवार ने खाली किया मकान, 2 घंटे बाद भरभरा कर गिरा चार मंजिला हिस्सा

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बंगाली …