
यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश में शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राज्य के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों और संबद्ध प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, प्रवक्ता और सहायक अध्यापक समेत कुल 23,899 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है। शिक्षा निदेशालय ने इन रिक्त पदों का अधियाचन उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेज दिया है।
TGT, PGT और सहायक अध्यापक के 21,252 पदों की जानकारी भेजी गई
शिक्षा निदेशालय की ओर से उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) के 17,740 पद, प्रवक्ता (PGT) के 2,615 पद और संबद्ध प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक के 897 पदों का अधियाचन भेजा गया है। इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया आयोग की ओर से आगे बढ़ाई जाएगी।
इससे पहले सहायता प्राप्त हाईस्कूलों में प्रधानाध्यापक के 1,172 पद और इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्य के 1,475 पदों का अधियाचन भी आयोग को भेजा जा चुका है। इस तरह कुल 23,899 रिक्त पदों की सूचना चयन आयोग को मिल चुकी है।
रिक्त पदों की जांच के बाद जारी होगा भर्ती विज्ञापन
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग अब भेजे गए रिक्त पदों का परीक्षण करेगा। इसके बाद भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी किया जाएगा। आयोग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही आवेदन और परीक्षा से जुड़ी जानकारी सामने आएगी।
प्रवक्ता समाजशास्त्र और भूगोल की मुख्य परीक्षा के लिए 2,733 अभ्यर्थी सफल
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रवक्ता भर्ती 2025 के तहत समाजशास्त्र और भूगोल विषय की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। दोनों विषयों में सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चुना गया है।
समाजशास्त्र विषय में प्रारंभिक परीक्षा के आधार पर 73 रिक्तियों के मुकाबले 806 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है। वहीं, भूगोल विषय में 64 रिक्तियों के सापेक्ष 1,927 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है।
मुख्य परीक्षा और आवेदन की जानकारी अलग से होगी जारी
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के अनुसार, प्रारंभिक परीक्षा में निर्धारित न्यूनतम दक्षता मानक अंक हासिल नहीं करने के कारण कुछ श्रेणियों में तय संख्या से कम अभ्यर्थी सफल हुए हैं। मुख्य परीक्षा की तारीख और ऑनलाइन आवेदन से जुड़ी जानकारी आयोग की ओर से अलग से जारी की जाएगी।
कंप्यूटर सहायक भर्ती की टंकण परीक्षा 18 अगस्त को
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में कंप्यूटर सहायक के 14 पदों पर भर्ती के लिए दूसरे चरण की हिंदी टंकण परीक्षा 18 अगस्त को लखनऊ में आयोजित की जाएगी। प्रथम चरण की परीक्षा में सफल 169 अभ्यर्थी इसमें शामिल होंगे।
पहले चरण की परीक्षा 6 फरवरी को प्रयागराज और लखनऊ के 49 केंद्रों पर आयोजित की गई थी, जिसमें पंजीकृत 21,276 अभ्यर्थियों में से 7,898 अभ्यर्थी शामिल हुए थे।
उप दुग्धशाला विकास अधिकारी पदों के लिए 29 और 30 जुलाई को साक्षात्कार
दुग्धशाला विकास विभाग में उप दुग्धशाला विकास अधिकारी के छह पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार 29 और 30 जुलाई को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में आयोजित किया जाएगा। इस भर्ती के लिए पिछले साल विज्ञापन जारी किया गया था।
Navyug Samachar