
यूपी डेस्क : उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में सरयू नदी में स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रौनाही थाना क्षेत्र के सनाहा गांव के पास एक ही परिवार की दो महिलाओं और तीन किशोरियों समेत पांच लोग नदी में डूब गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय गोताखोरों, ग्रामीणों और प्रशासन की टीम ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया, जिसमें तीन लोगों को नदी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। देर शाम तक दो किशोरियों की तलाश जारी रही।
नहाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब दो बजे एक ही परिवार की दो महिलाएं और तीन किशोरियां सरयू नदी के किनारे घूमने गई थीं। गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर पहुंचने के बाद मीरापुर रुदौली निवासी मेराज की पत्नी शाहीन (35) नदी में स्नान करने उतरीं। इसी दौरान वह गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।
बचाने उतरे परिजन भी बहाव की चपेट में आए
शाहीन को बचाने के प्रयास में 16 वर्षीय नाजिया, 15 वर्षीय रशीदा, 18 वर्षीय मरियम और 40 वर्षीय सजरूल निशा भी नदी में उतर गईं। बताया जा रहा है कि तेज बहाव और गहरे पानी के कारण सभी नदी में डूब गईं। देखते ही देखते घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया।
डेढ़ घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई। करीब डेढ़ घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद सजरूल निशा, शाहीन और मरियम को नदी से बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
दो किशोरियों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, देर शाम तक नाजिया और रशीदा की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी रहा। गोताखोरों और राहत टीमों को नदी में लगाया गया है ताकि दोनों का जल्द पता लगाया जा सके।
अधिकारियों ने की घटना की पुष्टि
सीओ सदर अरविंद सोनकर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सरयू नदी में डूबने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम को मौके पर भेजा गया था। बचाव कार्य लगातार जारी है और लापता दोनों किशोरियों की तलाश की जा रही है।
Navyug Samachar