
उत्तर प्रदेश डेस्क: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले प्रदेश में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अंबेडकरनगर दौरे के दौरान प्रभारी मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और उसके पीडीए समीकरण पर जमकर निशाना साधा। राजभर ने सपा के पीडीए नारे पर तंज कसते हुए कहा कि इसका मतलब ‘पीट देगा अहीर, पीट देगा अल्पसंख्यक’ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के हितों की बात करती है, लेकिन पार्टी में परिवारवाद हावी है।
‘PDA में परिवारवाद हावी’, राजभर ने सपा पर साधा निशाना
ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सपा जिस सामाजिक समीकरण के साथ चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है, उसमें परिवारवाद का प्रभाव साफ दिखाई देता है।
राजभर ने दावा किया कि सपा पिछड़े वर्ग के अधिकारों की बात करती है, लेकिन उसके शासनकाल में पिछड़ों के हित प्रभावित हुए। उन्होंने भाजपा सरकार को विकास, रोजगार और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर बेहतर बताते हुए सपा पर राजनीतिक परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
पेपर लीक के मुद्दे पर सपा को घेरा
समाजवादी पार्टी के नेताओं की ओर से लगातार उठाए जा रहे पेपर लीक के मुद्दे पर भी ओमप्रकाश राजभर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि आज सपा नेता दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश तक पेपर लीक का मुद्दा उठा रहे हैं, लेकिन उनके शासनकाल में परीक्षाओं में नकल को लेकर गंभीर आरोप लगते रहे हैं।
राजभर ने आरोप लगाया कि उस दौर में प्रश्नपत्र खरीदने, खेतों में बैठकर परीक्षा लिखने और पेपर लेकर घर चले जाने जैसी बातें सामने आती थीं। उन्होंने सपा नेताओं से सवाल किया कि जिस व्यवस्था पर वे आज सवाल उठा रहे हैं, पिछली सरकार के दौरान उसे सुधारने के लिए क्या कदम उठाए गए थे।
‘बिना रिश्वत दी करीब 9 लाख सरकारी नौकरियां’
सरकारी भर्तियों का जिक्र करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने दावा किया कि योगी सरकार के कार्यकाल में बिना रिश्वत लिए करीब 9 लाख सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने सपा सरकार पर इसके उलट नौकरियों में भ्रष्टाचार और कथित लेन-देन के आरोप लगाए।
राजभर ने कहा कि सपा के नेता पहले गांव-गांव जाकर नौकरियां बेचने का काम करते थे और अब वही लोग भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की दिशा में काम किया गया है।
कानून व्यवस्था पर भी सपा पर हमला
ओमप्रकाश राजभर ने सपा सरकार के दौरान कानून व्यवस्था के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि सपा सरकार के पांच साल में प्रदेश में करीब एक हजार दंगे हुए, जबकि योगी सरकार के नौ साल के कार्यकाल में एक भी दंगा नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। राजभर के मुताबिक, जो अपराधी पहले असलहे लहराकर घूमते थे, उनमें से कई जेल में हैं, जबकि कई अपराधी अब इस दुनिया में नहीं हैं।
राजभर ने कहा कि भाजपा सरकार ने विकास के साथ रोजगार और कानून व्यवस्था पर भी काम किया है। उन्होंने सपा को परिवारवादी पार्टी बताते हुए कहा कि जनता अब विकास, सुरक्षा और रोजगार के मुद्दों पर फैसला करेगी।
योगी के गोविंद साहब पहुंचने को बताया ऐतिहासिक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोविंद साहब पहुंचने को ओमप्रकाश राजभर ने क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि अब तक कोई मुख्यमंत्री गोविंद साहब नहीं आया था। उनके मुताबिक, योगी आदित्यनाथ के आगमन से इस ऐतिहासिक स्थल के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ा है।
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राजभर का यह बयान ऐसे समय आया है, जब भाजपा और विपक्षी दलों के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप लगातार तेज हो रहे हैं। पीडीए के जरिए सामाजिक समीकरण मजबूत करने की कोशिश कर रही सपा के खिलाफ भाजपा गठबंधन के नेताओं के हमले आने वाले दिनों में और तेज होने के संकेत हैं।
Navyug Samachar