Thursday , 10 September 2026

UP Weather Alert: यूपी में अगले 5 दिन नहीं मिलेगी राहत! मूसलाधार बारिश और वज्रपात का खतरा, मौसम विभाग ने जारी किया बड़ा अलर्ट

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और अब बारिश का दौर और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के 71 जिलों में झमाझम बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है। इसी बीच मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में मेघगर्जन और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।

अगले पांच दिन लगातार बरसेंगे बादल

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से बना सक्रिय वर्षा तंत्र अब मध्य प्रदेश के आसपास पहुंच चुका है। इसी सिस्टम का असर अब उत्तर प्रदेश में भी साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और अगले पांच दिनों तक लगातार बारिश होने की प्रबल संभावना बनी हुई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, राजधानी लखनऊ में भी गुरुवार को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

इन जिलों में भीषण बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बिजनौर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत, बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, बाराबंकी, कानपुर नगर, कानपुर देहात, हमीरपुर और जालौन में भीषण बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज बारिश के साथ मेघगर्जन और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है।

इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने आगरा, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, कासगंज, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, फर्रुखाबाद, कन्नौज, महोबा, ललितपुर, बांदा, फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, श्रावस्ती, बहराइच, बलरामपुर, गोंडा, अयोध्या, बस्ती, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, संतकबीरनगर, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, अंबेडकरनगर, आजमगढ़, मऊ और बलिया में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

पूरे प्रदेश में बदला रहेगा मौसम का मिजाज

मौसम विभाग का कहना है कि जिन जिलों के लिए विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है, वहां भी हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। सक्रिय मानसून के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले कई दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा और रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं।

 

Check Also

कानपुर में बड़ा हादसा टला! देवी मां के कहने पर परिवार ने खाली किया मकान, 2 घंटे बाद भरभरा कर गिरा चार मंजिला हिस्सा

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बंगाली …