Monday , 5 October 2026

UPESSC Lecturer Result 2022: 624 प्रवक्ता पदों का अंतिम परिणाम जारी, ऐसे देखें अपना चयन और प्राप्तांक

यूपी डेस्क: उत्तर प्रदेश में शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया के तहत बड़ा अपडेट सामने आया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज ने सहायता प्राप्त अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में प्रवक्ता (बालक/बालिका) भर्ती-2022 का अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया है। आयोग ने 18 विषयों के कुल 624 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी कर दी है। लिखित परीक्षा, अभिलेख सत्यापन और साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह परिणाम घोषित किया गया।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप रिक्त पदों पर पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से भर्ती प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रवक्ता भर्ती-2022 की पूरी चयन प्रक्रिया निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई है। साथ ही सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के बाद जारी हुआ अंतिम परिणाम

आयोग के अनुसार प्रवक्ता भर्ती-2022 की लिखित परीक्षा 9 और 10 मई 2026 को आयोजित की गई थी। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 15 जून से 27 जून 2026 के बीच कराया गया। इसके बाद अभिलेख सत्यापन सहित सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी होने पर अंतिम चयन सूची जारी की गई।

18 विषयों के अभ्यर्थियों का हुआ चयन

इस भर्ती के तहत भौतिकी, जीवविज्ञान, गृह विज्ञान, इतिहास, शिक्षा, अंग्रेजी, कृषि, वाणिज्य, समाजशास्त्र, नागरिक शास्त्र, गणित, अर्थशास्त्र, संस्कृत, मनोविज्ञान, रसायन विज्ञान, भूगोल, हिंदी और कला सहित कुल 18 विषयों के चयनित अभ्यर्थियों का विषयवार और श्रेणीवार विवरण उपलब्ध कराया गया है। अभ्यर्थी कटऑफ अंक और चयन से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी देख सकेंगे।

एक सप्ताह तक देख सकेंगे प्राप्तांक

आयोग ने बताया कि अभ्यर्थी अपने अनुक्रमांक और जन्मतिथि की सहायता से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से एक सप्ताह तक अपने प्राप्तांक और चयन संबंधी जानकारी देख सकेंगे। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्राप्तांकों से जुड़ी कोई भी जानकारी सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत उपलब्ध नहीं कराई जाएगी।

जल्द शुरू होगी संस्था आवंटन की प्रक्रिया

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड नियमावली, 1998 के नियम 12(9) के तहत अभ्यर्थियों द्वारा ऑनलाइन भरी गई संस्थाओं की अधिमानता और घोषित चयन पैनल के आधार पर नियम 12(10) के प्रावधानों के अनुसार संस्था आवंटन की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित संस्थानों में नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

 

Check Also

प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया में ASO की भर्ती, ग्रेजुएट युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का मौका; जानें योग्यता, फीस और सैलरी

नई दिल्ली: प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI) ने ग्रुप-बी के तहत असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (ASO) …