Sunday , 20 September 2026

Weather Update: 15 राज्यों में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट, 70 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; दिल्ली-UP समेत कई इलाके प्रभावित

नेशनल डेस्क: देश के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग ने 12 अगस्त को दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। कई इलाकों में बारिश के साथ आंधी-तूफान और तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अलर्ट जारी किया गया है।

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी राजस्थान में आज सबसे तेज बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, गुजरात और ओडिशा के कुछ जिलों में भी भारी बारिश हो सकती है।

छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, पश्चिमी राजस्थान के साथ पूर्वोत्तर के असम, मेघालय, त्रिपुरा और नागालैंड में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। बारिश के दौरान कई इलाकों में आंधी-तूफान के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर हवाओं की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

कम दबाव के क्षेत्र ने बढ़ाई बारिश की गतिविधि

उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। वहीं, मानसून ट्रफ राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों से होकर बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 12 अगस्त के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का एक और क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में पूर्वी और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान तेज हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

दिल्ली-NCR में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर में आज भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में बारिश के साथ आंधी-तूफान आने की भी संभावना है। इस दौरान करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में 65 KM की रफ्तार से चल सकती है आंधी

उत्तर प्रदेश में भी 12 अगस्त को मौसम खराब रहने की संभावना है। कानपुर, मिर्जापुर, नोएडा, गोरखपुर, आगरा, मथुरा, प्रयागराज, सोनभद्र, अलीगढ़ और चंदौली में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

इन इलाकों में करीब 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

उत्तराखंड में भी तूफानी बारिश की चेतावनी

उत्तराखंड में भी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। देहरादून के अलावा हरिद्वार, ऋषिकेश, नैनीताल, अल्मोड़ा, चमोली, चंपावत और बागेश्वर में तूफानी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

इनमें कुछ जिलों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। देहरादून में आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

आंधी-बारिश के दौरान बरतें सावधानी

खराब मौसम के दौरान बिना जरूरी काम के घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। तेज हवाओं के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें। जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचें और आंधी-तूफान के दौरान घर के अंदर सुरक्षित रहें।

जरूरी काम से बाहर निकलना हो तो पहले मौसम का अलर्ट जरूर देख लें। बारिश के दौरान अपने साथ छाता रखना भी जरूरी है।

 

Check Also

पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनप्रीत सिंह गोनी और इंटरनेशनल गोल्ड मेडलिस्ट कुनार आप में शामिल, सीएम मान ने किया स्वागत

पंजाब डेस्क: पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनप्रीत सिंह गोनी और इंटरनेशनल गोल्ड मेडलिस्ट एथलीट कुनार बुधवार …