
आरा: बिहार के आरा में एक शादी समारोह के दौरान हुई गोलीबारी ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। हथियारबंद बदमाशों ने शादी में पहुंचे तीन दोस्तों को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। घटना मंगलवार रात मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बीबीगंज चकिया गांव की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। गोलियों की आवाज सुनते ही समारोह में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
अस्पताल पहुंचने से पहले दो युवकों ने तोड़ा दम
गोली लगने से घायल तीनों युवकों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही राहुल कुमार और दीपक कुमार की मौत हो गई। वहीं, तीसरे घायल सोनू कुमार का अस्पताल में इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि राहुल कुमार को दो गोलियां लगी थीं, जबकि दीपक कुमार के शरीर पर चार गोलियों के निशान मिले हैं। घटना के बाद अस्पताल में मृतकों के परिजनों और परिचितों की भीड़ जुट गई।
शुभकरणगंज गांव के रहने वाले थे मृतक युवक
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान राहुल कुमार और दीपक कुमार के रूप में हुई है। राहुल मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शुभकरणगंज गांव निवासी सनोज यादव का 20 वर्षीय बेटा था। वहीं, दीपक कुमार इसी गांव के महंत यादव का 21 वर्षीय पुत्र था।
गोलीबारी में घायल सोनू कुमार दौलतपुर गांव निवासी सुरेंद्र यादव का 18 वर्षीय बेटा है। फिलहाल उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गए थे तीनों दोस्त
बताया जा रहा है कि राहुल की मां की लड़की की शादी बीबीगंज चकिया गांव में थी। इसी समारोह में शामिल होने के लिए राहुल, दीपक और सोनू समेत कई दोस्त पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शादी समारोह के दौरान सब कुछ सामान्य चल रहा था। इसी बीच कुछ हथियारबंद लोग पहुंचे और तीनों युवकों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।
डेमन यादव और उसके भतीजे पर हत्या का आरोप
मृतकों के दोस्त विक्की कुमार ने गौसगंज निवासी डेमन यादव और उसके भतीजे आशीष यादव पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, अभी तक गोलीबारी के पीछे की वजह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस शुरुआती जांच में पुराने विवाद समेत कई एंगल से मामले की जांच कर रही है। आरोपों की भी पुष्टि की जा रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ वन सुशील कुमार, मुफस्सिल थानाध्यक्ष संजीव कुमार और नवादा थानाध्यक्ष कुमार रजनीकांत पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे।
पुलिस अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश और गोलीबारी के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
Navyug Samachar