Tuesday , 24 November 2026

‘औकात नहीं…’, यूपी चुनाव से पहले NDA में घमासान, अतरौलिया सीट पर राजभर-निषाद आमने-सामने

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान शुरू हो गई है। आजमगढ़ की अतरौलिया विधानसभा सीट को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और निषाद पार्टी के प्रमुख डॉ. संजय निषाद आमने-सामने आ गए हैं।

एनडीए में अभी सीटों के बंटवारे का आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन सहयोगी दलों के बीच अपनी-अपनी दावेदारी को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। अतरौलिया सीट को लेकर शुरू हुई सियासी जंग अब तीखे आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गई है।

ओमप्रकाश राजभर ने संजय निषाद पर निशाना साधते हुए कहा कि किसी की औकात नहीं है जो अतरौलिया में माहौल बना दे। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी ने क्षेत्र में लंबे समय से मेहनत की है और गांव-गांव जाकर अपनी पकड़ मजबूत की है।

उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग पिछले पांच साल से इलाके में नजर नहीं आए, वे अब चुनाव लड़ने की बात कर रहे हैं। राजभर ने संजय निषाद को लेकर कहा कि वह अतरौलिया के मालिक नहीं हैं।

सीट बंटवारे पर राजभर ने साफ किया कि एनडीए में किस दल को कौन-सी सीट मिलेगी, इसका फैसला संजय निषाद नहीं बल्कि भाजपा नेतृत्व करेगा। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का नाम लेते हुए कहा कि गठबंधन में सीटों का निर्णय शीर्ष नेतृत्व करेगा।

राजभर ने यह भी कहा कि किसी विधानसभा सीट पर दावा करने से पहले वहां के जातीय समीकरण और मतदाताओं की स्थिति को समझना जरूरी है।

पिछले चुनाव से शुरू हुई सीट की दावेदारी

अतरौलिया सीट को लेकर विवाद की शुरुआत पिछले विधानसभा चुनाव से जुड़ी है। 2022 के चुनाव में एनडीए गठबंधन के तहत यह सीट निषाद पार्टी के खाते में गई थी और पार्टी ने यहां से अपना उम्मीदवार उतारा था।

इसी आधार पर निषाद पार्टी प्रमुख संजय निषाद इस सीट पर अपना दावा मजबूत मान रहे हैं। वहीं, ओमप्रकाश राजभर की सक्रियता बढ़ने के बाद दोनों सहयोगी दलों के बीच टकराव सामने आया है।

अतरौलिया विधानसभा सीट पिछले कुछ चुनावों से समाजवादी पार्टी का मजबूत गढ़ मानी जाती रही है। भाजपा की लहर के बावजूद 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में यहां सपा ने जीत दर्ज की थी।

6 दिसंबर को महारैली से ताकत दिखाएगी सुभासपा

ओमप्रकाश राजभर ने दावा किया है कि सुभासपा आजमगढ़ की सभी 10 विधानसभा सीटों पर जमीनी स्तर पर तैयारी कर रही है। पार्टी का लक्ष्य पिछले चुनाव में एनडीए को मिली हार को इस बार जीत में बदलना है।

इसी रणनीति के तहत सुभासपा 6 दिसंबर को आजमगढ़ के आईटीआई मैदान में सामाजिक समरसता महारैली आयोजित करने जा रही है। राजभर के मुताबिक, इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा और एनडीए के कई बड़े नेता शामिल हो सकते हैं।

अतरौलिया सीट का जातीय समीकरण अहम

पूर्वांचल की राजनीति में अतरौलिया विधानसभा सीट को काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। इस सीट पर यादव और मुस्लिम मतदाताओं के साथ-साथ राजभर, चौहान, निषाद और सवर्ण मतदाताओं की भी अच्छी संख्या है।

ओमप्रकाश राजभर अपनी पार्टी के राजभर वोट बैंक के सहारे इस सीट पर मजबूत दावेदारी पेश कर रहे हैं, जबकि निषाद पार्टी पिछले चुनाव में उम्मीदवार उतारने के आधार पर अपना दावा कायम रखे हुए है।

फिलहाल एनडीए में सीट बंटवारे का फैसला बाकी है, लेकिन अतरौलिया सीट को लेकर शुरू हुई खींचतान ने गठबंधन के भीतर सियासी हलचल बढ़ा दी है। 2027 के चुनाव से पहले भाजपा नेतृत्व के सामने दोनों सहयोगी दलों के बीच संतुलन बनाने की चुनौती होगी।

 

Check Also

Kannauj School Bus Accident: एक्सप्रेसवे पर मौत का तांडव, ट्रक की टक्कर से 4 छात्रों की मौत; 20 से ज्यादा घायल

कन्नौज: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां …