Monday , 2 November 2026

खुशियां मनाकर लौट रहा था परिवार, रास्ते में मौत बनकर आया ट्रक! भीषण टक्कर में 6 की गई जान

कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। हाटा कोतवाली क्षेत्र में कार और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल हैं, जबकि हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी लोग एक मांगलिक समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में हुई दुर्घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया।

समारोह से लौटते समय ट्रक से टकराई कार

जानकारी के अनुसार, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव का एक परिवार कार से रिश्तेदारी में आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। रविवार देर रात समारोह से वापस लौटते समय हाटा कोतवाली क्षेत्र के थरुआडीह के पास उनकी कार सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से भिड़ गई।

दोनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार छह लोगों की जान चली गई।

कार में फंसे लोगों को निकालने में जुटी पुलिस

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया। काफी मशक्कत के बाद सभी को कार से बाहर निकाला जा सका।

हादसे में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उन्हें गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

छह लोगों की मौके पर मौत, पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए शव

हाटा कोतवाली के थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि कार और ट्रक की भिड़ंत में छह लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दोनों घायलों को इलाज के लिए गोरखपुर भेजा गया है।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू करने की बात कही गई है। साथ ही दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच भी की जा रही है।

एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत से गांव में पसरा मातम

हादसे में भलुही गांव के एक ही परिवार के पांच लोगों की जान जाने से पूरे इलाके में शोक की लहर है। परिवार के सदस्य मांगलिक समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उनकी खुशियां छीन लीं।

घटना की खबर गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। एक साथ परिवार के पांच सदस्यों को खोने से परिजन बदहवास हैं, वहीं गांव के लोग भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं।

Check Also

दिल्ली जाने वालों की बढ़ी मुश्किलें! BS-4 गाड़ियों की एंट्री पर रोक से नोएडा बॉर्डर पर लंबा जाम, 50 KM तक बढ़ेगा सफर

नोएडा: दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण पर काबू पाने के लिए लागू किए गए नए …