Wednesday , 25 November 2026

बिसलेरी विवाद पर कंपनी की सफाई, कहा- सभी 143 प्लांट चालू, सिर्फ एक बैच की बिक्री पर लगी रोक

नेशनल डेस्क: बोतलबंद पानी की गुणवत्ता को लेकर उठे विवाद के बीच बिसलेरी इंटरनेशनल ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है। कंपनी ने कहा है कि देशभर में उसके सभी 143 विनिर्माण संयंत्र सामान्य रूप से काम कर रहे हैं और खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के तय मानकों का पालन किया जा रहा है। कंपनी के मुताबिक, नियामक की कार्रवाई केवल गोवा संयंत्र में तैयार किए गए एक पुराने बैच तक सीमित है।

सिर्फ एक बैच पर लगी बिक्री रोक

बिसलेरी ने बताया कि एफएसएसएआई की ओर से बिक्री पर रोक गोवा संयंत्र में 27 सितंबर 2025 को तैयार किए गए बैच नंबर GO 270 पर लगाई गई है। कंपनी का कहना है कि हर साल उसके यहां 50 हजार से ज्यादा बैच तैयार किए जाते हैं, ऐसे में एक बैच पर हुई कार्रवाई को पूरे उत्पाद की गुणवत्ता से जोड़ना सही नहीं है।

कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि एफएसएसएआई ने गोवा संयंत्र को बंद करने का कोई आदेश जारी नहीं किया है। संयंत्र में इसके बाद तैयार किए गए पानी के नमूने तय गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरे हैं और उत्पादन लगातार जारी है।

ब्रोमेट और पीएएच जांच को लेकर कंपनी का दावा

बिसलेरी ने बताया कि मामले में ब्रोमेट और पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच) को लेकर सवाल उठे थे। कंपनी के अनुसार, 23 नवंबर को एफएसएसएआई ने जानकारी दी कि संबंधित बैच के नमूनों की दोबारा जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर पाई गई।

कंपनी ने हालांकि यह स्वीकार किया कि छह नमूनों में से एक में पीएएच की मात्रा 0.144 माइक्रोग्राम प्रति लीटर दर्ज की गई थी। वहीं, इसी बैच के दूसरे नमूने में सभी गुणवत्ता मानक पूरे पाए गए थे।

बिसलेरी का कहना है कि जांच रिपोर्ट में अंतर को देखते हुए उसने फरवरी 2026 में दोबारा जांच की मांग की थी। कंपनी के अनुसार, इसके बाद उसके किसी अन्य संयंत्र से पीएएच को लेकर कोई प्रतिकूल रिपोर्ट सामने नहीं आई।

एफएसएसएआई की कार्रवाई बैच तक सीमित

इससे पहले एफएसएसएआई ने बिसलेरी के बोतलबंद पानी के एक नमूने में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से अधिक पाए जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद पीएएच को लेकर भी जांच की गई और कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मंजूरी दी गई थी।

हालांकि, बाद में नियामक ने स्पष्ट किया कि बिक्री पर रोक केवल बैच नंबर GO 270 तक सीमित है। एफएसएसएआई ने कंपनी को गुणवत्ता में कमी के संभावित कारणों का पता लगाने के निर्देश दिए हैं।

नियामक के अनुसार, कंपनी की अपील के बाद रेफरेंस लैब की जांच रिपोर्ट को अंतिम माना जाएगा।

हर बैच पर किए जाते हैं करीब 90 गुणवत्ता परीक्षण

बिसलेरी ने बताया कि उसके सभी 143 संयंत्रों में पानी की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए 10 चरणों वाली शुद्धिकरण प्रक्रिया अपनाई जाती है। कंपनी के मुताबिक, हर बैच पर करीब 90 अलग-अलग गुणवत्ता परीक्षण किए जाते हैं।

कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी जानकारी पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें। बिसलेरी ने कहा कि वह एफएसएसएआई के साथ पूरा सहयोग कर रही है और गलत या भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी विकल्पों पर भी विचार करेगी।

 

Check Also

E20 पेट्रोल पर बढ़ा विवाद, केरल सरकार ने तेल कंपनियों से मांगा 100% शुद्ध पेट्रोल; जानें क्या है पूरा मामला

नई दिल्ली: पेट्रोल में एथेनॉल की मिलावट को लेकर विवाद अब कर्नाटक से आगे बढ़कर …