Wednesday , 7 October 2026

दिनभर काम में रहते हैं व्यस्त? डाइट में जरूर शामिल करें ये 5 चीजें, शरीर में बनी रहेगी ऊर्जा और सेहत भी रहेगी दुरुस्त

नई दिल्ली: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में घर, ऑफिस और निजी कामों के बीच लोगों को अपने खानपान पर ध्यान देने का समय नहीं मिल पाता। दिनभर काम करने और थकान के बाद लोग अक्सर वही चीजें खा लेते हैं, जिन्हें जल्दी तैयार किया जा सके। प्रोसेस्ड फूड, पैकेज्ड फूड और तुरंत तैयार होने वाले खाद्य पदार्थ पेट तो भर देते हैं, लेकिन शरीर को जरूरी पोषक तत्व पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल पाते। इससे कमजोरी और ऊर्जा की कमी महसूस हो सकती है। अगर आप भी दिनभर काम में व्यस्त रहते हैं, तो अपनी डाइट में कुछ पौष्टिक चीजों को जरूर शामिल करें।

फल और सब्जियों को बनाएं डाइट का हिस्सा

फल और सब्जियों में कई तरह के पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो शरीर को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी हैं। हरी सब्जियों और फलों से विटामिन, खनिज और फाइबर मिलता है। दिनभर में कम से कम 4-5 सर्विंग फल और सब्जियां लेने की सलाह दी गई है। फलों को काटकर खाया जा सकता है या उनका जूस लिया जा सकता है। वहीं सब्जियों को बहुत ज्यादा पकाने से बचना चाहिए, ताकि उनमें मौजूद अधिक से अधिक पोषक तत्व बने रहें।

बाजरा, ज्वार और रागी भी खाएं

अगर आपकी डाइट में रोजाना गेहूं की रोटी और चावल शामिल हैं, तो इनका सेवन सीमित मात्रा में करें। सफेद चावल की तुलना में ब्राउन या ब्लैक चावल को अधिक पौष्टिक माना जाता है। इसके साथ ही रागी, ज्वार और बाजरा जैसे साबुत अनाजों से बनी रोटियां और दूसरे खाद्य पदार्थ भी डाइट में शामिल किए जा सकते हैं।

बाजरा, ज्वार और रागी में फाइबर, प्रोटीन और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं। ये ग्लूटेन मुक्त भी होते हैं। इनका सेवन पाचन को बेहतर रखने और शरीर को ऊर्जा देने में मदद कर सकता है।

रोजाना दाल खाना भी जरूरी

कई लोग नियमित रूप से दाल का सेवन नहीं करते, जबकि दालें पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत हैं। इनमें प्रोटीन की पर्याप्त मात्रा होती है। बींस, दाल और फलियां रोजाना की प्रोटीन, विटामिन और खनिजों की जरूरत को पूरा करने में मदद करती हैं। इन्हें डाइट में शामिल करने से शरीर को मजबूती मिलती है और लंबे समय तक सक्रिय रहने में मदद मिल सकती है।

बादाम, अखरोट और बीजों को न करें नजरअंदाज

बीज और नट्स शरीर को ऊर्जा देने के साथ कई जरूरी पोषक तत्व भी उपलब्ध कराते हैं। रोजाना 3-4 पानी में भिगोए हुए बादाम और 1-2 अखरोट का सेवन किया जा सकता है। बादाम कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित रखने में मदद कर सकते हैं। इनमें मौजूद तत्व शरीर में सूजन कम करने में भी भूमिका निभा सकते हैं। साथ ही ये दिमाग की कार्यक्षमता और याददाश्त के लिए भी फायदेमंद माने जाते हैं।

सूरजमुखी के बीज, कद्दू के बीज, चिया सीड्स और अलसी के बीज भी डाइट में शामिल किए जा सकते हैं। इनमें प्रोटीन, फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट्स और अच्छे वसा जैसे मोनोसैचुरेटेड फैटी एसिड और पॉलीअनसैचुरेटेड फैटी एसिड पाए जाते हैं। ये बढ़े हुए कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में मदद कर सकते हैं, जिससे हृदय रोग और स्ट्रोक के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है।

शरीर को हाइड्रेटेड रखना भी जरूरी

गर्मी के मौसम में शरीर को पर्याप्त पानी और तरल पदार्थ देना बेहद जरूरी है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से शरीर में ऊर्जा का स्तर बनाए रखने में मदद मिलती है। पानी शरीर से विषैले पदार्थों को बाहर निकालने, शरीर का तापमान सामान्य रखने, रक्तचाप को नियंत्रित रखने और पाचन तंत्र को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है। इसका असर त्वचा और बालों की सेहत पर भी पड़ता है। इसलिए शुगरी ड्रिंक्स की जगह अधिक से अधिक पानी पीने की कोशिश करें।

 

Check Also

देश में तेजी से बढ़ रही डायबिटीज और मानसिक तनाव की समस्या, हर 10 में करीब 4 लोगों में सामने आई चिंता

नई दिल्ली: देश में डायबिटीज और मानसिक तनाव जैसी स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर हालिया हेल्थ …