Tuesday , 17 November 2026

रेलवे में स्टेशन मास्टर के 1265 पदों पर भर्ती, आवेदन की अंतिम तारीख करीब, जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया

नई दिल्ली: रेलवे में स्टेशन मास्टर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए भर्ती का अच्छा मौका है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की ओर से स्टेशन मास्टर के 1265 पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 25 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तारीख नजदीक होने के कारण जिन अभ्यर्थियों ने अब तक फॉर्म नहीं भरा है, उन्हें जल्द प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है। इस भर्ती के लिए स्नातक अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।

किस रेलवे जोन में कितने पद?

इस भर्ती में देशभर के अलग-अलग रेलवे भर्ती बोर्ड के तहत पदों का वितरण किया गया है। मुंबई में सबसे अधिक 125 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके बाद श्रीनगर में 122, चेन्नई में 119, तिरुवनंतपुरम में 114 और प्रयागराज में 112 पद हैं। बेंगलुरु में स्टेशन मास्टर के 102 पदों पर भर्ती होगी।

आरआरबी प्रयागराज के हिस्से में कुल 112 पद आए हैं। इनमें उत्तर मध्य रेलवे के 104 और उत्तर रेलवे के आठ पद शामिल हैं।

भर्ती प्रक्रिया में किए गए कई बदलाव

स्टेशन मास्टर के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 27 अक्टूबर से शुरू हुई थी और 25 नवंबर 2026 तक चलेगी। इस बार भर्ती प्रक्रिया में कुछ अहम बदलाव किए गए हैं। पहली बार स्टेशन मास्टर के पदों पर नियुक्ति गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणी (एनटीपीसी) से अलग स्वतंत्र रूप से की जा रही है।

इसके अलावा न्यूनतम आयु सीमा में भी बदलाव किया गया है। पहले इस पद के लिए न्यूनतम उम्र 18 वर्ष थी, जिसे बढ़ाकर 20 वर्ष कर दिया गया है।

रेलवे स्टेशन मास्टर भर्ती के लिए ऐसे करें आवेदन

इच्छुक उम्मीदवार रेलवे भर्ती बोर्ड की आवेदन वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया इस प्रकार है:

  1. सबसे पहले आरआरबी की आधिकारिक आवेदन वेबसाइट rrbapply.gov.in पर जाएं।
  2. वेबसाइट पर स्टेशन मास्टर भर्ती से संबंधित लिंक तलाशें।
  3. भर्ती के सामने दिए गए आवेदन विकल्प पर क्लिक करें।
  4. मांगी गई व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी सावधानीपूर्वक भरें।
  5. सभी जानकारियों की जांच करने के बाद आवेदन फॉर्म जमा कर दें।

क्या है चयन प्रक्रिया?

स्टेशन मास्टर के पद पर उम्मीदवारों का चयन कई चरणों के आधार पर किया जाएगा। इसमें कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT), कंप्यूटर आधारित अभिक्षमता परीक्षा (CBAT), दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सा परीक्षण शामिल हैं।

अभ्यर्थियों को चयन के सभी निर्धारित चरणों में सफल होना होगा। इसके साथ ही चिकित्सा परीक्षण में रेलवे की ओर से तय मानकों को पूरा करना भी जरूरी होगा।

अब एक ही चरण में होगी कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा

रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2026 से स्टेशन मास्टर भर्ती की लिखित परीक्षा व्यवस्था में बदलाव किया है। अब अभ्यर्थियों को पहले की तरह सीबीटी-1 और सीबीटी-2 की दो अलग-अलग परीक्षाएं नहीं देनी होंगी। इसके स्थान पर एक ही चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित की जाएगी।

नई व्यवस्था के तहत लिखित परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी और इसे पूरा करने के लिए दो घंटे का समय दिया जाएगा।

कैसा रहेगा परीक्षा का पैटर्न?

स्टेशन मास्टर भर्ती की लिखित परीक्षा में अलग-अलग विषयों से प्रश्न पूछे जाएंगे। उपलब्ध जानकारी के अनुसार परीक्षा का विषयवार विवरण इस प्रकार है:

  • बेसिक विज्ञान एवं गणित: 30 अंक
  • डेटा विश्लेषण एवं व्याख्या (DI): 30 अंक
  • तार्किक क्षमता: 20 प्रश्न
  • मानसिक क्षमता: 20 प्रश्न

अभ्यर्थियों को परीक्षा की तैयारी करते समय सभी विषयों पर ध्यान देना चाहिए। आवेदन की अंतिम तारीख 25 नवंबर 2026 निर्धारित है, इसलिए इच्छुक उम्मीदवार समय रहते अपना आवेदन पूरा कर लें।

 

Check Also

पिता ने बच्चों की पढ़ाई के लिए बेच दी जमीन, 20 साल की उम्र में चित्रा बनीं DSP, BPSC में पाई 556वीं रैंक

बक्सर: बिहार के बक्सर जिले की रहने वाली चित्रा कुमारी ने महज 20 साल की …