Friday , 27 November 2026

‘परिसीमन भाजपा की सबसे बड़ी राजनीतिक भूल साबित होगी’, अखिलेश यादव ने सरकार को दी चेतावनी

नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने परिसीमन के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि परिसीमन भाजपा की राजनीति की सबसे बड़ी भूल साबित होगा। अखिलेश का यह बयान ऐसे समय आया है, जब केंद्र सरकार महिला आरक्षण कानून को लागू करने और परिसीमन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए नए सिरे से राजनीतिक समर्थन जुटाने की कोशिश कर रही है।

करीब सात महीने पहले अप्रैल 2026 में लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक जरूरी बहुमत नहीं मिलने के कारण पारित नहीं हो सका था। अब राजनीतिक परिस्थितियों में बदलाव के बीच केंद्र सरकार को उम्मीद है कि इस बार विपक्ष के कुछ दलों का समर्थन हासिल कर संसद में जरूरी दो-तिहाई बहुमत जुटाया जा सकता है।

महिला आरक्षण के समर्थन में, परिसीमन की प्रक्रिया पर आपत्ति

अखिलेश यादव इससे पहले भी महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल उठा चुके हैं। अप्रैल में उन्होंने स्पष्ट किया था कि समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है, लेकिन इसे लागू करने के लिए अपनाए जा रहे तरीके पर उसे आपत्ति है। उन्होंने परिसीमन की पूरी कवायद को सरकार की गुप्त योजना करार दिया था।

सपा अध्यक्ष ने उस समय कहा था कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण का समर्थन करती है। उन्होंने डॉ. राममनोहर लोहिया का जिक्र करते हुए कहा था कि वे हमेशा लैंगिक न्याय और सामाजिक न्याय के पक्षधर रहे। समाजवादी पार्टी भी इसी विचारधारा पर चलती है और महिला आरक्षण इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों को मजबूत करता है।

भाजपा पर महिला सम्मान को नारा बनाने का आरोप

अखिलेश यादव ने संसद में भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि पार्टी महिलाओं को केवल नारे तक सीमित रखने की कोशिश कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया था कि जिस संगठन में महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया, वह उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा कैसे करेगा।

उन्होंने भाजपा की राज्य सरकारों में महिलाओं के नेतृत्व का मुद्दा भी उठाया था। अखिलेश ने कहा था कि देश में लैंगिक समानता के मामले में भारत की स्थिति का आकलन किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल किया था कि भाजपा की 21 जगह सरकारें होने के बावजूद कितनी महिला मुख्यमंत्री हैं।

लोकसभा में पेश किए गए थे तीन विधेयक

केंद्र सरकार ने बजट सत्र के दूसरे चरण में 16 अप्रैल 2026 को लोकसभा में तीन विधेयक पेश किए थे। इनमें संविधान का 131वां संशोधन विधेयक, परिसीमन विधेयक और केंद्रशासित प्रदेश कानून संशोधन विधेयक शामिल थे।

सरकार की योजना लोकसभा की कुल सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 तक करने, परिसीमन की प्रक्रिया का रास्ता खोलने और 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था करने की थी। हालांकि, अप्रैल में संविधान संशोधन विधेयक जरूरी बहुमत हासिल नहीं कर सका था। अब इस मुद्दे पर अखिलेश यादव के ताजा बयान से राजनीतिक बहस फिर तेज होने के आसार हैं।

 

Check Also

सीएम योगी का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, बोले- सैफई सिंडिकेट को नोट गिनना आता है, नियुक्तियों की रफ्तार नहीं

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी भर्तियों को लेकर समाजवादी पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश …