Monday , 5 October 2026

भारत ने पाकिस्तान पर लगाया ‘गोल्डन पंच’, एशियन गेम्स फाइनल में जीत के ये 5 हीरो, किसी ने बरसाए रन तो किसी ने गेंद से मचाई तबाही

कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क: एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 211 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम हसन नवाज की 96 रन की पारी के बावजूद 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी।

फाइनल में भारतीय टीम के कई खिलाड़ियों ने अहम योगदान दिया, लेकिन पांच खिलाड़ी ऐसे रहे जिन्होंने मुकाबले का रुख भारत के पक्ष में बनाए रखने में बड़ी भूमिका निभाई। अभिषेक शर्मा की विस्फोटक बल्लेबाजी से लेकर तिलक वर्मा की नाबाद पारी और अक्षर पटेल की कसी हुई गेंदबाजी तक, इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने भारत को गोल्ड मेडल तक पहुंचाया।

अभिषेक शर्मा ने शुरुआत में ही मचाया तूफान

भारत ने वैभव सूर्यवंशी का विकेट जल्दी गंवा दिया था। इसके बाद अभिषेक शर्मा ने मोर्चा संभाला और पाकिस्तानी गेंदबाजों पर जोरदार हमला बोल दिया। उन्होंने महज 28 गेंदों में 61 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 7 छक्के शामिल रहे।

अभिषेक की आक्रामक बल्लेबाजी ने पाकिस्तान पर शुरुआत से ही दबाव बना दिया और भारत को बड़े स्कोर की मजबूत नींव मिली।

तिलक वर्मा ने दबाव में खेली नाबाद पारी

मध्य ओवरों में भारत ने लगातार विकेट गंवाए। अभिषेक शर्मा, श्रेयस अय्यर और ईशान किशन के आउट होने के बाद टीम के रन बनाने की रफ्तार कुछ धीमी पड़ गई थी। ऐसे समय में उपकप्तान तिलक वर्मा ने एक छोर संभाले रखा।

तिलक ने महज 22 गेंदों में नाबाद 51 रन बनाए और आखिरी तक क्रीज पर टिके रहे। उनकी इस पारी ने भारत को 200 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

शिवम दुबे ने बदला मैच का रुख

भारत 17वें ओवर तक करीब 180 रन के आसपास था, लेकिन शिवम दुबे ने तिलक वर्मा के साथ मिलकर स्कोरिंग की रफ्तार बढ़ा दी। दुबे ने 27 रन की तेज पारी खेली और दोनों बल्लेबाजों ने छठे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी की।

इस साझेदारी की बदौलत भारत 211 रन के बड़े स्कोर तक पहुंच सका। इसके बाद गेंद से भी दुबे ने अहम विकेट लेकर पाकिस्तान की वापसी की कोशिशों को झटका दिया।

अक्षर पटेल ने पाकिस्तान की रनगति पर लगाई लगाम

212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम को तेज शुरुआत की जरूरत थी, लेकिन अक्षर पटेल ने शुरुआत में ही दो अहम विकेट लेकर उसे झटका दे दिया। उन्होंने उस्मान खान समेत दो महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।

अक्षर ने अपने चार ओवर में सिर्फ 29 रन खर्च किए। हसन नवाज जब तेजी से रन बना रहे थे, तब अक्षर ने रनगति पर नियंत्रण बनाए रखा और भारत को मुकाबले में बढ़त कायम रखने में मदद की।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी ने भी निभाई अहम भूमिका

श्रेयस अय्यर बल्ले से बड़ी पारी नहीं खेल सके और 21 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, कप्तानी में उन्होंने प्रभावी फैसले लिए। गेंदबाजों का इस्तेमाल, फील्डिंग में आक्रामक रवैया और दबाव के समय लिए गए फैसलों ने पाकिस्तान को पूरी तरह हावी होने का मौका नहीं दिया।

भारत ने 19 रन से मुकाबला जीतकर एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार पुरुष क्रिकेट का गोल्ड मेडल हासिल किया। महिला टीम के बाद पुरुष टीम ने भी स्वर्ण पदक जीतकर भारत के लिए इस अभियान को यादगार बना दिया। अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल और श्रेयस अय्यर के योगदान ने फाइनल में भारत की जीत की कहानी लिखी।

 

Check Also

भारत-पाकिस्तान फाइनल आज, कब और कहां देखें लाइव? जानें मैच का समय, टीवी चैनल और स्ट्रीमिंग की पूरी डिटेल

निशिन: एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट मुकाबले का फाइनल भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार, …