मुंबई डेस्क: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में धमकी भरे ईमेल ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। शहर के मेयर ऑफिस, छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। ईमेल मिलने के बाद संबंधित सुरक्षा एजेंसियों और मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) को अलर्ट कर दिया गया। हालांकि, जांच के दौरान किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
ईमेल में कई महत्वपूर्ण ठिकानों को बनाया गया निशाना
धमकी भरे ईमेल में मुंबई के कई संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों का जिक्र किया गया है। इनमें मेयर ऑफिस, शहर के बैंक, अदालतें, अमिताभ बच्चन का बंगला, महालक्ष्मी रेसकोर्स और छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा शामिल हैं। ईमेल में इन सभी जगहों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।
बीएमसी की सुरक्षा व्यवस्था भी अलर्ट
धमकी में मुंबई महानगरपालिका के मेयर ऑफिस का नाम शामिल होने के कारण नगर निगम प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था को सतर्क कर दिया। संबंधित स्थानों पर जांच की गई और सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाए।
जांच में नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु
धमकी मिलने के बाद संबंधित ठिकानों की जांच की गई। हालांकि, जांच के दौरान किसी भी स्थान पर कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया। फिलहाल धमकी भरे ईमेल के मामले को लेकर जांच जारी है।
Navyug Samachar