Monday , 19 October 2026

मोहम्मद सिराज की कप्तानी में हैदराबाद का धमाका, रणजी मुकाबले में त्रिपुरा को पारी और 40 रन से दी करारी शिकस्त

स्पोर्ट्स डेस्क: रणजी ट्रॉफी 2026 के एलीट ग्रुप-बी मुकाबले में मोहम्मद सिराज की कप्तानी वाली हैदराबाद टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए त्रिपुरा को एक पारी और 40 रन से हरा दिया। मुकाबला तीसरे दिन ही खत्म हो गया, जहां हैदराबाद के गेंदबाजों ने त्रिपुरा की दोनों पारियों में बल्लेबाजों को टिकने का मौका नहीं दिया। इस जीत में तनय त्यागराजन की गेंदबाजी सबसे अहम रही, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

पहली पारी में 134 रन पर सिमटी त्रिपुरा की टीम

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी त्रिपुरा की शुरुआत अच्छी रही। सलामी बल्लेबाज बिक्रमकुमार दास और ऋतुराज रॉय ने पहले विकेट के लिए 80 रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दी। हालांकि इसके बाद हैदराबाद के गेंदबाजों ने वापसी करते हुए लगातार विकेट चटकाए और पूरी टीम 134 रन पर ऑलआउट हो गई।

त्रिपुरा की ओर से बिक्रमकुमार दास ने 50 रन, ऋतुराज रॉय ने 33 रन और मनदीप सिंह ने 24 रन बनाए। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। टीम के पांच बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल पाए। हैदराबाद के लिए अनिकेत रेड्डी ने पांच विकेट और तनय त्यागराजन ने तीन विकेट हासिल किए।

हैदराबाद ने बनाई 160 रन की बढ़त

इसके जवाब में हैदराबाद ने अपनी पहली पारी में 103.2 ओवर खेलते हुए 294 रन बनाए और त्रिपुरा पर 160 रन की बड़ी बढ़त हासिल कर ली। हैदराबाद के लिए तनमय अग्रवाल ने 54 रन, रुथिक यादव ने 61 रन और राहुल रादेश व चामा मिलिंद ने 40-40 रन की उपयोगी पारियां खेलीं।

त्रिपुरा की ओर से संदीप सरकार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए आठ विकेट झटके, जबकि परवेज सुलतान को दो सफलता मिली। लेकिन बल्लेबाजों के कमजोर प्रदर्शन की वजह से टीम मुकाबले में वापसी नहीं कर सकी।

तनय त्यागराजन ने दूसरी पारी में बरपाया कहर

160 रन से पिछड़ने के बाद दूसरी पारी में उतरी त्रिपुरा की शुरुआत फिर खराब रही। टीम ने महज 11 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवा दिया। इसके बाद लगातार अंतराल पर विकेट गिरते रहे और पूरी टीम सिर्फ 120 रन पर सिमट गई।

त्रिपुरा के लिए सेंटू सरकार ने सबसे ज्यादा 27 रन बनाए। वहीं हैदराबाद की ओर से तनय त्यागराजन ने घातक गेंदबाजी करते हुए दूसरी पारी में छह विकेट अपने नाम किए। कप्तान मोहम्मद सिराज ने दो विकेट लिए, जबकि रुथिक यादव और अभिरथ रेड्डी को एक-एक सफलता मिली।

तनय त्यागराजन ने पूरे मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली पारी में तीन और दूसरी पारी में छह विकेट झटके, जिसके चलते उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

 

Check Also

स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा ने T20I में रचा इतिहास, एक साल में 1000 रन जोड़ने वाली पहली जोड़ी बनी

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में …