Tuesday , 3 November 2026

यूपी के 1.89 करोड़ परिवारों को दिवाली का तोहफा, सीएम योगी आज खातों में भेजेंगे 1500 करोड़ रुपये

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के करीब 1.89 करोड़ परिवारों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को दिवाली का तोहफा देने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस सिलेंडर की रिफिल सब्सिडी की रकम सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। इसके लिए 1,500 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि जारी की जाएगी। यह राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण यानी डीबीटी के माध्यम से पात्र परिवारों तक पहुंचेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर 3:30 बजे लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों के खातों में सब्सिडी की रकम भेजेंगे। जिन परिवारों ने दिवाली के मौके पर अपना एलपीजी सिलेंडर रिफिल कराया है, उन्हें 700 रुपये से लेकर 900 रुपये से अधिक तक की सब्सिडी मिल सकती है।

केंद्र और राज्य सरकार दे रही हैं सब्सिडी

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को फिलहाल केंद्र सरकार की ओर से प्रति सिलेंडर 335.40 रुपये और उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से 648.55 रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। इसी के आधार पर सिलेंडर रिफिल कराने वाले पात्र परिवारों के खातों में सब्सिडी की रकम भेजी जाएगी।

राज्य सरकार ने उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दिवाली और होली पर साल में दो बार एक-एक रसोई गैस सिलेंडर मुफ्त रिफिल कराने का लाभ देने का वादा किया है। इसी व्यवस्था के तहत यह राशि जारी की जा रही है।

दिवाली के बाद होली पर भी मिलेगा मुफ्त सिलेंडर

उत्तर प्रदेश सरकार अपने संकल्प पत्र में किए गए वादे के अनुसार उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को साल में दो बार मुफ्त सिलेंडर रिफिल की सुविधा दे रही है। इसके तहत पहला चरण अक्टूबर से दिसंबर 2026 तक रखा गया है, जिसमें दिवाली के अवसर पर लाभ दिया जा रहा है।

वहीं, दूसरा चरण जनवरी से मार्च 2027 तक चलेगा। इस दौरान होली के मौके पर लाभार्थियों को मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम में डिप्टी सीएम और मंत्री भी रहेंगे मौजूद

लोक भवन में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी शामिल होंगे। इसके अलावा खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय, राज्य मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा और कई अन्य गणमान्य नागरिक तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेंगे।

सरकार का कहना है कि इस योजना से उज्ज्वला परिवारों की महिलाओं को रसोई में धुएं से राहत मिलेगी। साथ ही त्योहारों के दौरान गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के घरेलू बजट पर पड़ने वाला बोझ भी कम होगा।

Check Also

बांके बिहारी मंदिर में VIP दर्शन के लिए अब जरूरी होगी पर्ची, गेट नंबर 4 पर बनेगा तत्काल पास

वृंदावन: वृंदावन के श्री बांके बिहारी मंदिर में VIP दर्शन की व्यवस्था को पारदर्शी और …