Thursday , 12 November 2026

यूपी चुनाव 2027 से पहले ओवैसी-चंद्रशेखर ने चला बड़ा सियासी दांव, बनाया ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’, CM फेस भी घोषित

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले नए राजनीतिक गठबंधन की एंट्री हो गई है। असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (ASP) ने हाथ मिलाकर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाने का ऐलान किया है। दोनों नेताओं ने साफ कर दिया है कि उनका गठबंधन प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा। इस नए मोर्चे की ओर से चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा भी घोषित किया गया है।

तीसरा मोर्चा नहीं, सामाजिक परिवर्तन की लड़ाई

गठबंधन की घोषणा के दौरान चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि इसे तीसरा मोर्चा कहना उचित नहीं होगा। इसका नाम सामाजिक परिवर्तन मोर्चा रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन प्रदेश की सभी 403 सीटों पर पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा। फिलहाल इस मोर्चे में आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम शामिल हैं।

असदुद्दीन ओवैसी ने भी गठबंधन को लेकर अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि वह चंद्रशेखर आजाद की बातों से सहमत हैं और उनकी पार्टी सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का हिस्सा है। उन्होंने दावा किया कि यह गठबंधन उत्तर प्रदेश में भाजपा को लगातार तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए मजबूत विकल्प बनेगा। उन्होंने कहा कि लड़ाई केवल भाजपा को रोकने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आम लोगों से जुड़े मुद्दे भी मोर्चे के एजेंडे में शामिल होंगे।

ओवैसी का बीजेपी पर हमला, गिरिराज सिंह को भी दिया जवाब

प्रेस कॉन्फ्रेंस में ओवैसी ने भाजपा और अन्य राजनीतिक दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि ये केवल पर्व की पार्टियां हैं, भविष्य की पार्टियां नहीं हैं। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वह बीमार हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। ओवैसी ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि ठीक होने के बाद उनसे मुकाबला किया जा सकता है।

ओवैसी ने जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में दो जवानों की हत्या का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि इस घटना पर पार्टी का क्या जवाब है। उनका कहना था कि देश की सुरक्षा से जुड़े ऐसे सवालों पर भाजपा को जवाब देना चाहिए।

चंद्रशेखर ने दलितों, पिछड़ों और मुसलमानों के उत्पीड़न का उठाया मुद्दा

चंद्रशेखर आजाद ने मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में दलितों, पिछड़ों और मुस्लिम समाज के लोगों के साथ मारपीट और उत्पीड़न की घटनाएं हुई हैं। उन्होंने शब्बीरपुर मामले का जिक्र करते हुए कहा कि निर्दोष होने के बावजूद उन्हें नौ महीने जेल में रहना पड़ा और रिहाई के बाद उन पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगा दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके समाज के अन्य लोगों पर भी इसी कानून के तहत कार्रवाई की गई।

आजाद ने मुख्यमंत्री पर अपने मुकदमे वापस लेने का आरोप लगाते हुए हाथरस, प्रयागराज और कासगंज की घटनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हाथरस में एक दलित लड़की को रात में पेट्रोल डालकर जला दिया गया, प्रयागराज में फूलचंद के पूरे परिवार की हत्या हुई और कासगंज में अल्ताफ की पुलिस हिरासत में मौत हो गई।

आंबेडकर और कांशीराम के विचारों का किया जिक्र

चंद्रशेखर आजाद ने अपने संबोधन में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने कई मोर्चे बनाए थे और उनका मानना था कि लोकतंत्र में जिस राजनीतिक दल का अपना संगठन नहीं होता, उसकी ताकत भी नहीं होती। आजाद ने कहा कि अन्याय सहने वालों को भी अपनी स्थिति के लिए जिम्मेदारी समझनी होगी। अब समाज को अपनी राजनीतिक और सामाजिक ताकत पहचानने की जरूरत है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का उद्देश्य संविधान और आरक्षण को खत्म करना है, लेकिन उनका मोर्चा ऐसा नहीं होने देगा। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि विरोधियों को दिन में तारे दिखा देंगे। आजाद ने दावा किया कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा 2027 में सत्ता परिवर्तन करके दिखाएगा।

सपा और कांग्रेस को भी गठबंधन में आने का न्योता

चंद्रशेखर आजाद ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को भी सामाजिक परिवर्तन मोर्चे में शामिल होने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए जो भी दल उनके साथ आना चाहता है, उसका स्वागत है। उन्होंने कहा कि उनका दिल बड़ा है और गठबंधन में दूसरे दलों के लिए भी जगह है।

आजाद ने आरोप लगाया कि कई राजनीतिक दलों ने बहुजन समाज से बड़े-बड़े वादे किए, उनके वोट हासिल किए और घोषणाएं भी कीं, लेकिन समाज की बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं किया। उन्होंने कहा कि आज भी बहुजन समाज के लोग जरूरी सुविधाओं से वंचित हैं। गरीब बस्तियों में मकानों और सड़कों की स्थिति देखकर वहां रहने वाले लोगों की परेशानियों का अंदाजा लगाया जा सकता है।

बेरोजगारी और विरोध की आवाज दबाने का भी लगाया आरोप

चंद्रशेखर आजाद ने बेरोजगारी को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। जो लोग अपनी समस्याओं और अधिकारों के लिए आवाज उठाते हैं, उन्हें सरकारी कार्रवाई का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने ऐसे कानून बनाए हैं, जिनके कारण विरोध करने वालों को नौकरी मिलने में भी मुश्किल हो सकती है।

उन्होंने कहा कि 2014, 2017, 2022 और 2024 के चुनावों में भाजपा को सत्ता से हटाने के कई दावे किए गए, लेकिन इसके बावजूद पार्टी कमजोर होने के बजाय और मजबूत होती चली गई। इसी राजनीतिक स्थिति को देखते हुए उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी से बातचीत की और नया गठबंधन बनाने का फैसला किया।

आजाद ने कहा कि अब कमजोर और वंचित समाज के लोग अपने वोट की ताकत से राजनीतिक शक्ति बनेंगे और किसी के सामने हाथ नहीं फैलाएंगे। उन्होंने बहुजन समाज के संस्थापक कांशीराम के विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज को मांगने वाला नहीं, बल्कि देने वाला बनना चाहिए।

 

Check Also

बिहार में फिर सत्ता पलटने की अटकलें तेज, IP गुप्ता का सम्राट चौधरी को ऑफर- 25-30 विधायक तोड़कर बनाइए सरकार

पटना: बिहार की राजनीति में एक बार फिर सियासी उठापटक की चर्चाएं तेज हो गई …