Saturday , 24 October 2026

योगी सरकार का ग्राम प्रहरियों को बड़ा तोहफा, 60 हजार कर्मियों का मानदेय 2500 से बढ़कर होगा 3500 रुपये

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के करीब 60 हजार ग्राम प्रहरियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 13 अक्टूबर को बरेली में ग्राम प्रहरियों के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा कर सकते हैं। प्रस्ताव के मुताबिक, ग्राम प्रहरियों का मासिक मानदेय 2500 रुपये से बढ़ाकर 3500 रुपये किया जा सकता है।

मानदेय में यह बढ़ोतरी एक हजार रुपये प्रतिमाह की होगी। इससे प्रत्येक ग्राम प्रहरी को सालाना 12 हजार रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरेली पुलिस लाइन में ग्राम प्रहरियों को सम्मानित भी करेंगे।

गांवों में पुलिस के सूचना तंत्र की अहम कड़ी हैं ग्राम प्रहरी

गृह विभाग से जुड़े ग्राम प्रहरी ग्रामीण इलाकों में पुलिस व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा माने जाते हैं। स्थानीय थानों से जुड़े ये प्रहरी गांवों में संदिग्ध गतिविधियों, आपसी विवादों और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने का काम करते हैं।

गांव और थाने के बीच संपर्क बनाए रखने वाले ग्राम प्रहरी लंबे समय से मानदेय बढ़ाने की मांग कर रहे थे। प्रस्तावित बढ़ोतरी के बाद उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

प्रदेश में ग्राम प्रहरियों की अनुमानित संख्या करीब 60 हजार है। मानदेय बढ़ने के बाद सरकार पर हर महीने करीब सात करोड़ रुपये और सालाना करीब 84 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आने का अनुमान है। इसके लिए अनुपूरक बजट में धनराशि का प्रावधान किए जाने की संभावना है।

मानदेय बढ़ाने के फैसलों की अगली कड़ी

योगी सरकार पिछले कुछ समय से मानदेय पर काम करने वाले विभिन्न वर्गों के लिए बढ़ोतरी के फैसले ले रही है। इसी क्रम में अब ग्राम प्रहरियों के मानदेय में वृद्धि की तैयारी की जा रही है।

सरकार ने परिषदीय विद्यालयों में मध्याह्न भोजन बनाने वाली करीब 3.53 लाख रसोइयों का मानदेय 2000 रुपये से बढ़ाकर 3000 रुपये प्रतिमाह किया है। इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में चार हजार रुपये और सहायिकाओं के मानदेय में दो हजार रुपये प्रतिमाह की वृद्धि की गई है।

वहीं, 57 हजार से अधिक पंचायत सहायकों का मानदेय 6000 रुपये से बढ़ाकर 9000 रुपये प्रतिमाह किया गया है। प्रांतीय रक्षक दल के स्वयंसेवकों का दैनिक भत्ता भी 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये किया गया है।

सवा करोड़ से अधिक पेंशन लाभार्थियों को भी मिल सकती है राहत

मानदेय बढ़ाने के साथ ही योगी सरकार सामाजिक पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को भी राहत देने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सैद्धांतिक सहमति के बाद वृद्धावस्था, निराश्रित महिला और दिव्यांगजन पेंशन राशि बढ़ाने का प्रस्ताव आगे बढ़ाया जा रहा है।

प्रस्ताव के अनुसार, पेंशन राशि 1000 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह की जा सकती है। इसे नवंबर के दूसरे पखवाड़े में कैबिनेट के सामने लाए जाने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में 67 लाख से अधिक बुजुर्ग, 42 लाख से अधिक निराश्रित महिलाएं और 12 लाख से अधिक दिव्यांगजन पेंशन योजनाओं का लाभ ले रहे हैं। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने पर प्रत्येक लाभार्थी को सालाना छह हजार रुपये अतिरिक्त पेंशन मिल सकेगी।

 

Check Also

शादी के बाद भी दहेज मांगा तो होगी कार्रवाई! MP हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, मौखिक गवाही से भी साबित हो सकता है आरोप

  नेशनल डेस्क: मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच ने दहेज से जुड़े एक मामले …